Skymet weather

[Hindi] उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच शुरू हो सकता है नया साल

December 30, 2016 6:59 PM |

Delhi_Winter_The quint 600भारत में हर मौसम का एक निश्चित चक्र है। जिसे हम जलवायु कहते हैं। आमतौर पर सर्दी, गर्मी और वर्षा इन तीनों प्रमुख ऋतुओं के समय तय होते हैं लेकिन बीते कुछ समय के अनुभव बताते हैं कि इस चक्र में परिवर्तन हो रहा है। इस समय हम दिसम्बर के आखिरी छोर पर खड़े हैं लेकिन अब तक उत्तर भारत के भागों में लोगों को दिल्ली की सर्दी का एहसास नहीं हुआ है। शुक्रवार को रिकॉर्ड किए गए सामान्य से 3 डिग्री अधिक 10.5 डिग्री न्यूनतम तापमान से ही इस बात का अंदाज़ा आप लगा सकते हैं।

दिल्ली के साथ-साथ इससे सटे शहरों में भी मौसम का हाल कुछ इसी प्रकार का बना हुआ है। हालांकि उत्तर प्रदेश के मध्य और पूर्वी हिस्सों तथा बिहार में बीते कई दिनों से बेहद घना कोहरा कई जगहों पर देखा जा रहा है और घने कोहरे के चलते धूप का प्रभाव कम है जिससे दिन का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।

दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में इस दौरान सुबह का मौसम साफ और अपेक्षाकृत कम सर्द हो रहा है। इस बीच दिल्ली से उत्तर प्रदेश होते हुए पूर्वी भारत तक एक ट्रफ बन गई है। जिससे इन भागों में पूर्वी हवाओं का प्रवाह बढ़ रहा है। यह हवाएँ अपने साथ बंगाल की खाड़ी से नमीं ला रही हैं जिससे अब कोहरा बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

इन्हीं हवाओं की वजह से उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चला गया है। स्काइमेट का अनुमान है कि आगामी 2 जनवरी तक उत्तर-पश्चिमी भारत में पूर्वी नम हवाएँ जारी रहेंगी। जिससे समूचे गंगा के मैदानी हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा।

पूर्वी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी और कोहरे के प्रभाव से दिन के तापमान में गिरावट होने से दोनों तापमानों के बीच अंतर कम हो जाएगा। ऐसी स्थिति में दिन में भी काफी अधिक सर्दी का अनुभव आपको हो सकता है। उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम का मिजाज़ बीते कई दिनों से इसी तरह का बना हुआ है और दिल्ली, हरियाणा, पंजाब तथा उत्तरी राजस्थान में अगले 3-4 दिनों के दौरान सुबह घने कोहरे के बीच कड़ाके की ठंड हो सकती है। दिन में भी मौसम ठंडा बना रहेगा।

Image credit: The quint

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try