Skymet weather

24 मार्च के लिए मौसम पूर्वानुमान: उत्तर से लेकर दक्षिण तक बढ़ता गर्मी का प्रकोप

March 23, 2017 4:24 PM |

 

भारत में गर्मी शुरू हो गई है। अब दिन के तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा और उतरी आंतरिक कर्नाटक में अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। इन भागों में कहीं-कहीं पारा 40 के पार पहुँच गया है।

इस क्षेत्र के बाकी हिस्सों में भी तापमान जल्द ही 40 के पार होगा।

दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में प्री-मॉनसून बारिश की गतिविधियों पर फिलहाल ब्रेक लग गई है लेकिन बारिश के चलते यहाँ वातावरण में नमी काफी अधिक है जिससे तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में गर्मी के साथ उमस भी परेशान करेगी।

यहाँ दक्षिण-पूर्वी अरब सागर से एक ट्रफ रेखा उत्तरी कर्नाटक तक पहुँच रही है। यह बहुत प्रभावी नहीं है लेकिन इसके प्रभाव से केरल और कर्नाटक में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना से इनकार भी नहीं किया जा सकता।

पूर्वोत्तर भारत का रुख करें तो यहाँ फिर से वर्षा की गतिविधियां ज़ोर पकड़ सकती हैं।

पूर्वी हिमालय के तराई क्षेत्रों में बनी ट्रफ के चलते असम, अरुणाचल प्रदेश और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अच्छी वर्षा के आसार हैं। पूर्वी बिहार और शेष पश्चिम बंगाल में भी एक-दो स्थानों पर वर्षा हो सकती है।

उत्तर भारत में बना पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल गया है। हालांकि इसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

इस बीच उत्तर के मैदानी राज्यों में तेज़ धूप के बीच मौसम शुष्क बना रहेगा। बढ़े अधिकतम तापमान के चलते उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर धूल भरी आँधी चलने की संभावना है।

दिल्ली और कोलकाता में पारा 35 के आसपास होगा। अहमदाबाद में 39 डिग्री तापमान के साथ मौसम काफी गर्म रहेगा। भुवनेश्वर और हैदराबाद में दिन का तापमान होगा 37 डिग्री सेल्सियस। मुंबई और चेन्नई में भी 35 डिग्री तापमान के साथ काफी गर्मी बनी रहेगी।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try