Skymet weather

[Hindi] उत्तर प्रदेश में चुनाव का पाँचवाँ चरण 27 को, मौसम रहेगा अनुकूल

February 25, 2017 3:19 PM |

UP pollsजनसंख्या के लिहाज़ से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में चुनावी पारा बढ़ा हुआ है। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के बड़े नेता तेज़ धूप और उत्तर-पश्चिमी सुहावनी हवाओं के बीच जमकर प्रचार कर रहे हैं। जैसे-जैसे फरवरी अपने आखिरी चरण में पहुँच रही है और सूर्य उत्तरायण हो रहा है जिससे पारा उत्तरोत्तर बढ़ रहा है। बढ़ते तापमान के बीच राज्य की राजनीति में भी गर्मी तारी है।

वर्तमान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को भी वाकयुद्ध में खींच लिया। उसके बाद से राज्य की राजनीति और गरमा गई। इस बीच राज्य के पांचवे चरण के लिए चुनाव प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। पांचवे चरण का मतदान 27 फरवरी को होगा जिसमें 51 विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। राज्य में छठे चरण का चुनाव 49 सीटों के लिए 4 मार्च को और 40 सीटों के लिए 8 मार्च को होगा।

उत्तर प्रदेश में पांचवें चरण में बलरामपुर, गोंडा, फ़ैज़ाबाद, अंबेडकरनगर, बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, अमेठी और सुल्तानपुर में 51 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान होगा। इनमें बहराइच और गोंडा में सबसे अधिक 7-7 विधानसभा क्षेत्र हैं जबकि सबसे कम 2 विधानसभा क्षेत्र श्रावस्ती में हैं। गौरतलब है कि अलापुर निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार की मृत्यु के कारण वहां चुनाव स्थगित कर दिया गया है। अलापुर में 9 मार्च को मतदान होगा।

उत्तर प्रदेश में पांचवे चरण में 45 महिलाओं सहित 618 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में कुल 4 विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें अमेठी विधानसभा सीट पर चुनाव सबसे रोमांचक माना जा रहा है क्योंकि यहाँ एक राजपरिवार की दो रानियाँ आमने सामने हैं। एक ही राजमहल में रह रही राजा संजय सिंह की दोनों पत्नियों में पहली पत्नी अमिता सिंह काँग्रेस की परम्परागत सीट से हैं जबकि संजय सिंह की दूसरी पत्नी गरिमा सिंह को इसी सीट से भारतीय जनता पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर प्रदेश के अधिकतर भागों में 27 फरवरी को आसमान साफ और मौसम शुष्क बना रहेगा। साफ आसमान और शुष्क मौसम के बीच जहां तेज़ धूप खिली रहेगी वहीं उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी हवाएँ गर्मी से बचाएंगी। इस मौसम के बीच मतदाता लोकतन्त्र में अपने सबसे बड़े अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए निकलेंगे और उम्मीद कर की जा रही है कि अनुकूल मौसम के बीच राज्य में मतदान प्रतिशत लगातार बढ़ेगा।

Image credit: News18.com

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try