Skymet weather

[Hindi] पंजाब और हरियाणा में बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि, 19 मई तक बना रहेगा बारिश का मौसम

May 15, 2019 12:12 PM |

पंजाब और हरियाणा में इस समय पिछले कई दिनों से प्री-मॉनसून वर्षा की संभावना बनी हुई है। लेकिन बुधवार को दोनों राज्यों के कई हिस्सों में बारिश का दायरा बढ़ गया और बादलों की गर्जना तथा ओलावृष्टि के साथ कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई।

बारिश की यह गतिविधियां बुधवार की सुबह 8 से 11 बजे के बीच ज़्यादातर भागों में देखने को मिली। हरियाणा में फ़तेहाबाद, सिरसा, भिवानी, जींद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत जैसे कई शहरों में भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। रोहतक और आसपास के भागों में कहीं-कहीं ओले गिरने की भी खबर है।

उत्तर-पश्चिम भारत के इन दोनों राज्यों में पिछले कई दिनों से प्री-मॉनसून वर्षा के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है। आर्द्र हवाएँ चल रही हैं और बादलों का आना-जाना जारी है। रुक-रुक बारिश हो भी रही है, इसके चलते पंजाब और हरियाणा के कई शहरों में तापमान में गिरावट हुई है। कई स्थानों पर पारा सामान्य से नीचे पहुँच गया है। हरियाणा में दिन का तापमान 40 डिग्री से कम चल रहा है।

Also read in English: PRE-MONSOON RAINS IN PUNJAB AND HARYANA TO CONTINUE, HAILSTORM TO OCCUR IN PARTS

स्काइमेट का अनुमान है कि आज दिन में भी पंजाब और हरियाणा में बारिश की संभावना रहेगी। कुछ स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं। यह गतिविधियां उत्तर भारत में एक के बाद एक आ रहे पश्चिमी विक्षोभ और इनके प्रभाव से मैदानी इलाकों पर बन रहे चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के चलते हो रही हैं।

पंजाब और हरियाणा में यही मौसम अगले तीन-चार दिनों तक देखने को मिलेगा। ज़ाहिर है इससे तापमान सामान्य से नीचे बने रहेंगे और मौसम खुशनुमा होगा।

Image Credit: Pinterest

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try