Skymet weather

27 अप्रैल मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली, चंडीगढ़, कोलकाता में प्री-मॉनसून वर्षा होने की संभावना

April 26, 2018 6:44 PM |


 

उत्तर के पहाड़ों पर पिछले कुछ दिनों से जारी शुष्क मौसम में बदलाव दिखेगा। एक नया और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर तथा आसपास के भागों पर पहुंच गया है। इसके चलते जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज़ हवाओं और बादलों की गरज के साथ कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि के भी आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी राजस्थान तथा सटे पंजाब पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ है और एक ट्रफ रेखा बिहार तक बन गई है।

इन सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव से उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी और बादलों की गर्जना के साथ हल्की वर्षा देखने को मिल सकती है।
राजधानी दिल्ली में भी लोगों को हल्की बारिश का नजारा मिल सकता है। लेकिन गर्मी चरम पर रहेगी। पश्चिमी राजस्थान में लू जैसी स्थितियां बनी रह सकती हैं।

[yuzo_related]

पूर्वी भारत के मौसम का जिक्र करें तो यहाँ एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में एक विपरीत चक्रवाती सिस्टम बना है। इन दोनों सिस्टम के प्रभाव से पूर्वी भारत में हलचल बढ़ेगी। ओड़ीशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और सिक्किम में कुछ जगहों पर बादलों की गर्जना के साथ प्री-मॉनसून वर्षा हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में पहले की तरह ही कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है। कोलकाता में भी बादल छाएंगे और वर्षा देखने को मिलेगी।

मध्य भारत में मौसम के बारे में बताने को कुछ खास नहीं है, सिवाय लू के। इन राज्यों में अधिकांश जगहों पर पारा 40 के ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है, जिससे कई इलाके लू की चपेट में है। कल भी अनुमान है कि विदर्भ और मराठवाड़ा में लू का प्रकोप रहेगा। महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों, गुजरात और मध्य प्रदेश में भी प्रचंड गर्मी जारी रहेगी। मुंबई में तेज गर्मी के साथ उमस परेशान करेगी।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

दक्षिण भारत के मौसम का जिक्र करें तो यहां तेलंगाना से आंतरिक तमिलनाडु तक विपरीत दिशा की हवाएं आपस में टकरा रही हैं जिससे यहां पर मौसम सक्रिय है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी कोमोरिन पर देखा जा सकता है। संभावना है कि कल केरल, आंतरिक तमिलनाडु और आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर वर्षा होगी। तेलंगाना और रायलसीमा में भी एक-दो जगह बारिश होने के आसार हैं।

हैदराबाद में आंशिक बादल बने रहेंगे और एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा अंडमान व निकोबार के पास अगले 48 घंटों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है। हालांकि क्षेत्र में बारिश पहले ही बढ़ गई है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try