Skymet weather

4 अप्रैल के लिए मौसम पूर्वानुमान: उत्तर के पहाड़ों पर अच्छी बारिश, मध्य भारत में जारी रहेगी ‘लू’

April 3, 2016 6:20 PM |

 

एक नया पश्चिमी विक्षोभ इस समय पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू कश्मीर के पास बना हुआ है। इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान और उससे सटे हरियाणा तथा पंजाब पर दिखाई दे रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड में कई जगहों पर बारिश जबकि कुछ स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना है।

इस सिस्टम के प्रभाव से पंजाब में कुछ स्थानों पर गरज के साथ वर्षा दर्ज की जा सकती है। हरियाणा और उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भागों में एक-दो स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहेंगे। एक-दो स्थानों पर धूलभरी हवाएं चलने और बादलों की गर्जना होने की संभावना है। बारिश के विशेष संकेत नहीं हैं।

पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल के गंगीय भाग और उससे सटे बंग्लादेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते नागालैण्ड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में कई जगहों पर वर्षा दर्ज की जा सकती है।

मेघालय, दक्षिणी असम और गंगीय पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर वर्षा का अनुमान है। असम में सोमवार को मतदान होना है। संभावित बारिश कुछ बाधा डाल सकती है लेकिन राज्य के नागरिकों को अपने मताधिकार का प्रयोग सुनिश्चित करना चाहिए।

छत्तीसगढ़ से केरल तक एक ट्रफ रेखा बन रही है। इस रेखा के आसपास वाले भागों में कहीं-कहीं गरज की स्थिति बन सकती है। केरल में कुछ स्थानों पर जबकि दक्षिणी कर्नाटक में एक-दो जगह गरज के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।

राजस्थान से लेकर मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा और तेलंगाना तक तापमान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा है जिससे इन भागों में कई जगहों पर लू जैसे हालात बने रहेंगे। इन भागों में 24 घंटों के पश्चात तापमान में कुछ कमी आने से गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है।

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try