Skymet weather

08 फरवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: पश्चिमी विक्षोभ आगे निकलेगा, पूर्वी क्षेत्रों में होगी बारिश

February 7, 2016 6:08 PM |


 

जम्मू कश्मीर के पास बना पश्चिमी विक्षोभ आगे पूर्वी दिशा में निकल रहा है। जिसके प्रभाव से बारिश का प्रसार भी पूर्वी दिशा में देखने को मिलेगा। जम्मू कश्मीर में सोमवार को मौसम शुष्क हो जाएगा जबकि हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखण्ड में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं।

इसके अलावा इस सिस्टम के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के तराई वाले भागों, बिहार, हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल, सिक्किम और असम तथा अरूणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब आता दिखाई दे रहा है। इस मौसमी सिस्टम के चलते 9 फरवरी को फिर से उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां शुरू होंगी।

मैदानी भागों को भी यह 10 फरवरी से प्रभावित करेगा और पंजाब तथा हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज किए जाने के आसार हैं।

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में हवाओं का रूख एक बार फिर से बदल गया है। उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही सर्द और शुष्क हवाओं के चलते दिल्ली सहित मैदानी राज्यों से लेकर गुजरात और उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश तक सुबह के तापमान में अगले 48 घंटों के दौरान 2-3°C की गिरावट दर्ज की जाएगी। दिन का तापमान कुछ बढ़ सकता है।

मध्य भारत पर बने एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों, मध्य भारत और पश्चिमी राज्यों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा।

प्रायद्वीपीय भारत में सोमवार को मौसम शुष्क ही बना रहेगा। हालांकि यहां बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पश्चिम में बनी इस ट्रफ के चलते केरल और तमिलनाड़ु में आंशिक बादल छा सकते हैं। 9 फरवरी को इन भागों में कुछ बारिश होने की भी संभावना है।

दिल्ली में दिन में पारा 23°C रहेगा जबकि सुबह का तापमान 11°C रिकॉर्ड किया जा सकता है।
मुंबई में सुबह सुहावनी बनी रहेगी क्योंकि न्यूनतम तापमान 17°C के आसपास रहेगा। दिन में पारा 30°C दर्ज किया जा सकता है।

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try