Skymet weather

4 जनवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: उत्तर भारत के पहाड़ों पर कई जगह मध्यम से भारी बर्फबारी के आसार

January 3, 2016 5:00 PM |

 

उत्तर भारत में बना पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर से पूर्व की ओर निकल रहा है। हालांकि जाते-जाते यह सोमवार को जम्मू कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में कई जगहों पर मध्यम से भारी बर्फबारी दे सकता है। राज्य के मैदानी भागों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड के कुछ हिस्सों में वर्षा तथा हिमपात की संभावना है।

इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी अफगानिस्तान पर दिखाई दे रहा है। जो 6 जनवरी से उत्तर भारत के पहाड़ी भागों को प्रभावित करना शुरू करेगा।

उत्तरी पंजाब में भी हल्की वर्षा होने की संभावना है। उत्तर भारत के शेष मैदानी राज्यों में आंशिक बादल छाए रहेंगे लेकिन मौसम शुष्क रहेगा।

दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत में कई जगहों पर मध्यम और कहीं-कहीं घना कोहरा सुबह के समय छाया रह सकता है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड और दक्षिणी पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। शेष पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में मध्यम कोहरा जारी रहेगा।

पूर्वोत्तर राज्यों में त्रिपुरा के पास पिछले कुछ दिनों से एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते पूर्वोत्तर राज्यों में आंशिक बादल छाए रहेंगे तथा छिटपुट बूंदाबांदी होगी।

मध्य भारत पर बना एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब निष्प्रभावी होने वाला है जिससे यहां उत्तरी हवाओं का प्रवाह बढ़ेगा। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से सामान्य से अधिक चल रहे दिन के तापमान में अच्छी गिरावट दर्ज की जाएगी। कई भागों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास पहुंच जाएगा। सुबह के तापमान में भी कमी होने के आसार हैं।

दक्षिणी भारत में इस समय कोई प्रभावी मौसमी हलचल नहीं है। जिससे यहां लगभग सभी राज्यों में मौसम शुष्क बने रहने की उम्मीद है। तटीय आंध्र प्रदेश में सुबह के तापमान में हल्की कमी आएगी जबकि शेष भागों पारा स्थिर रहेगा।

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try