Skymet weather

1 जुलाई का मौसम पूर्वानुमान: ओड़ीशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र में मॉनसून की अच्छी बारिश के आसार

June 30, 2019 7:44 PM |

शुरुआत मध्य भारत से। एक निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ है। यह सिस्टम पश्चिम और उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ेगा और लगातार प्रभावी होता रहेगा। इसके चलते गंगीय पश्चिम बंगाल, ओड़ीशा, दक्षिणी झारखंड, छत्तीसगढ, दक्षिण पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।

दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी लेकर हवाएँ पहुँच रही हैं। इन हवाओं के कारण असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है।

बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी पूर्वी आर्द्र हवाएं बढ़ेंगी। बादल भी छाएंगे, कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होगी और कहीं-कहीं मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। इस बदलाव से तापमान में कमी तो आएगी लेकिन उमस बढ़ने के कारण पसीने वाली गर्मी लोगों का बुरा हाल कर सकती है।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

पश्चिमी तटों और दक्षिण भारत का मौसम देखें तो मुंबई के तटों के पास अरब सागर पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से मुंबई और गोवा सहित तटीय महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक और केरल में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। दूसरी ओर रायलसीमा और तमिलनाडु में मौसम शुष्क और काफी गर्म होगा।

उत्तर भारत में मौसम अभी भी राहत देता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के लगभग सभी भागों में मौसम शुष्क रहेगा। गर्मी प्रचंड होगी। हालांकि इन भागों में एक-दो स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना भी है।

उधर जम्मू कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की है संभावना।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try