Skymet weather

30 मार्च के लिए मौसम पूर्वानुमान: भीषण लू की चपेट में मध्य भारत, राहत के आसार नहीं

March 29, 2017 3:36 PM |

 

मौसम पूर्वानुमान की शुरुआत उत्तर भारत से। यहाँ बना पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी दिशा में आगे निकल रहा है। हालांकि इसके चलते कल भी जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

इस बीच दिल्ली सहित उत्तर-भारत के मैदानी इलाकों में गर्म और शुष्क हवाओं का प्रवाह लगातार बना रहेगा। यह हवाएँ मध्य भारत को भी प्रभावित कर रही हैं। इसके चलते राजस्थान से लेकर गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के मराठवाड़ा तथा विदर्भ क्षेत्र में कई इलाके लू की चपेट में रहेंगे।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत का रुख करें तो यहाँ उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और आसपास के भागों पर हवाओं में एक चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है। इन भागों में बंगाल की खाड़ी से भी आर्द्र हवाएँ व्यापक मात्रा में पहुँच रही हैं।

इसके चलते उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में गरज के साथ अच्छी वर्षा जारी रहने की संभावना है । शेष पूर्वी राज्यों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

दक्षिण में एक ट्रफ दक्षिणी छत्तीसगढ़ से केरल तक बनी हुई है। इसके चलते केरल में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। शेष दक्षिणी राज्यों में मौसम शुष्क तथा दिन भीषण रूप से गर्म रहेगा।

आखिर में एक नज़र देश के प्रमुख शहरों के तापमान पर:

अधिकतम तापमान बढ़ते हुए राजधानी दिल्ली में 38 डिग्री जबकि लखनऊ में 40 डिग्री तक पहुँच सकता है। कोलकाता में 35 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ हालात अपेक्षाकृत बेहतर होंगे।

अहमदाबाद और हैदराबाद देश के सबसे अधिक गर्म स्थानों में एक होंगे। इन भागों में 42 डिग्री अधिकतम तापमान रहने के आसार हैं। मुंबई और चेन्नई में भी पारा 35 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try