Skymet weather

11 अक्टूबर का मौसम पूर्वानुमान: पुणे, बंगलुरु, हैदराबाद में अच्छी वर्षा, दिल्ली में प्रदूषण बढ़ेगा

October 10, 2019 6:13 PM |

मॉनसून सीज़न का अंत यूं तो 30 सितंबर को ही हो गया था लेकिन मॉनसून अक्टूबर के पहले सप्ताह तक वापस नहीं लौटा था। 9 अक्टूबर को इसकी वापसी की शुरुआत हुई। 10 को मॉनसून ने राजधानी दिल्ली सहित चंडीगढ़, समूचे हरियाणा, पंजाब के ज़्यादातर हिस्सों, राजस्थान के अधिकांश इलाकों और उत्तर प्रदेश तथा मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों को अलविदा कहा। मॉनसून कहाँ तक वापस हो गया है स्क्रीन पर देख सकते हैं।

उम्मीद है कि जल्द ही वाराणसी और पटना सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार से भी मॉनसूनी हवाएँ लौट जाएंगी। अब देखते हैं 11 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम का मिजाज़। एक चक्रवाती क्षेत्र महाराष्ट्र के तटों के पास अरब सागर पर बना हुआ है। साथ ही बांग्लादेश से कर्नाटक तक एक ट्रफ भी बनी हुई है।

इन सिस्टमों के कारण बंगलुरु, मंगलोर, कोची, हैदराबाद सहित तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर अच्छी वर्षा हो सकती है। मध्य भारत में इस समय मौसम मुख्य रूप से महाराष्ट्र पर सक्रिय है। उम्मीद है कि पुणे, सांगली, सतारा सहित मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

महाराष्ट्र के तटीय शहरों यानि कोंकण गोवा के अलावा मराठवाड़ा, विदर्भ और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मुंबई में भी बारिश की संभावना रहेगी। लेकिन जन-जीवन प्रभावित करने वाली बारिश का डर नहीं है। गुजरात और मध्य प्रदेश में अब बारिश से राहत मिलेगी। मॉनसून भी जल्द अलविदा कहेगा।

पूरब में बने सिस्टमों के चलते ओडिशा में शुक्रवार को कुछ स्थानों पर अच्छी वर्षा हो सकती है। जमशेदपुर और कोलकाता सहित झारखंड तथा पश्चिम बंगाल में एक-दो स्थानों पर बारिश के आसार हैं। पटना, गया, वाराणसी, लखनऊ सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में लगभग सभी स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा।

उधर पूर्वोत्तर राज्यों और सिक्किम तथा सिल्लीगुडी, जलपाईगुड़ी में बारिश का मौसम बना रहेगा। उत्तर भारत में करवट ले रहा है मौसम। मॉनसून जा रहा है। अब ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलेंगी। उम्मीद है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। सुबह और शाम के समय हल्की गुनगुनी सर्दी महसूस की जाएगी। दिल्ली में प्रदूषण का दैत्य भी अब सिर उठाने लगा है। वायु गुणवत्ता कुछ खराब हो सकती है। सावधानी बरतने का समय आ गया है। पहाड़ों पर जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try