दिल्ली में इस साल मार्च का सबसे अधिक तापमान दर्ज, कुछ इलाकों में पारा 40°C के पार
Mar 27, 2025, 1:45 PM | Skymet Weather Teamदिल्ली में कल इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया है। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 38.9°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7°C अधिक था। इंदिरा गाँधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGI) वेधशाला में तापमान 38°C पहुंचा, जो सामान्य से 6°C ज्यादा था। दिल्ली की कुछ वेधशालाओं में पहली बार इस सीजन में तापमान 40°C के पार गया। रिज क्षेत्र में 40.1°C और पीतमपुरा में 40.6°C दर्ज किया गया। इसका मतलब है कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में हीट वेव (लू) की स्थिति बनी। क्योंकि पारा 40°C से ऊपर था और सामान्य से 6°C अधिक है।
दिल्ली में लू (हीट वेव) की स्थिति क्यों बनी?
मैदानी इलाकों में जब तापमान 40°C या उससे अधिक हो जाता है और सामान्य से 4.5°C या ज्यादा बढ़ जाता है, तो इसे हीट वेव(लू) मानी जाती है। आमतौर पर, लू घोषित करने के लिए ऐसे हालात कम से कम दो दिनों तक बने रहने चाहिए। हालांकि, छोटे क्षेत्र जैसे दिल्ली में अगर एक दिन भी यह स्थिति बनी रहती है, तो इसे लू माना जाता है। दिल्ली-एनसीआर में मार्च के बाकी दिनों में गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। खासकर 28 से 30 मार्च के बीच तापमान में गिरावट आ सकती है।
दिल्ली में तापमान गिरने की संभावना
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके चलते बीते 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी और बारिश हुई है। आज भी पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी, लेकिन 29 मार्च से मौसम साफ हो जाएगा। जैसे ही यह पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र से बाहर निकलेगा, इसके पीछे ठंडी हवाएं दिल्ली और मैदानी इलाकों में पहुंचेगी, जिससे तापमान में गिरावट होगी। साथ ही, हवा के दबाव में बदलाव के कारण दिल्ली-एनसीआर में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी और कम महसूस होगी।
दिल्ली में मार्च में 40°C नहीं पहुंचेगा तापमान
दिल्ली में इस साल मार्च में तापमान 40°C को पार नहीं करेगा। पिछले 15 वर्षों में दिल्ली में केवल एक बार मार्च में 40°C से अधिक तापमान दर्ज किया गया था, जब 30 मार्च 2021 को सफदरजंग में 40.1°C तापमान दर्ज हुआ था। पिछले दो सालों में मार्च में अधिकतम तापमान साल 2024 में 37.8°C और 2023 में 34.3°C रिकॉर्ड हुआ था। वहीं, साल 2022 में 31 मार्च को तापमान 39.6°C तक पहुंचा था। इस साल मार्च के बाकी बचे दिनों में बारिश होने की कोई उम्मीद नहीं है।