Skymet weather

[Hindi] चंडीगढ़, अंबाला, रोहतक, करनाल, अमृतसर, लुधियाना में प्री-मॉनसून वर्षा की मेहरबानी

April 9, 2018 5:07 PM |

Rain in Punjab पंजाब और हरियाणा में बारिश के लिए मौसम अनुकूल बना है। सोमवार की सुबह दोनों राज्यों में कई जगहों पर प्री-मॉनसून वर्षा देखने को मिली। उत्तर भारत में बने एक पश्चिमी विक्षोभ और इसके प्रभाव से विकसित हुए चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से मौसम ने करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर के पास है जबकि चक्रवाती सिस्टम मध्य पाकिस्तान तथा इससे सटे उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और हरियाणा के ऊपर सक्रिय है।

इन सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव से उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में पिछले 2-3 दिनों से हवा का रुख बदल गया है। इन भागों में पूर्वी आर्द्र हवाएँ चल रही हैं। इसके चलते हरियाणा में अंबाला, भिवानी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम, हिसार, झज्जर, जिंद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, पंचकुला, पानीपत, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुना नगर सहित आसपास के भागों में अगले 24 घंटों के दौरान धूलभरी आँधी और बादलों की तेज़ गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।

[yuzo_related]

इसी तरह पंजाब में भी अगले 24 घंटों के दौरान मौसम सक्रिय रहेगा। अनुमान है कि राज्य में अमृतसर, लुधियाना, गुरदासपुर, पठानकोट, पटियाला, भटिंडा, जालंधर और कपूरथला जैसे स्थानों पर भी तेज़ी आँधी और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बौछारें गिर सकती हैं। गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

Haryana Punjab rain and lightning

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पंजाब और हरियाणा में सोमवार को अधिकांश समय घने बादल छाए रह सकते हैं। इसके साथ कुछ स्थानों पर जहां धूलभरी आँधी और गरज के साथ बारिश का अनुमान है वहीं एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले 2-3 दिनों तक उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में आर्द्र पूर्वी हवाएँ बनी रहेंगी जिससे 12 अप्रैल तक ऐसी मौसमी हलचल रुक-रुक कर देखने को मिल सकती है। प्री-मॉनसून वर्षा से दोनों राज्यों में लोगों को लू जैसी स्थिति और प्रचंड गर्मी से व्यापक राहत मिली है और अगले कुछ दिनों तक यह राहत बनी रहेगी। हालांकि परिपक्व अवस्था में पहुँच चुकी फसल के लिए यह प्री-मॉनसूनी गतिविधियां भारी पड़ सकती हैं। हरियाणा और पंजाब देश के उन राज्यों में से हैं जहां रबी सीज़न में गेहूं सहित भारी मात्रा में खाद्यान्न का उत्पादन होता है।

Image credit: Hindustan Times

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try