Skymet weather

[Hindi] उत्तर प्रदेश और झारखंड देश के सबसे गर्म इलाके, जल्द बारिश के आसार

June 10, 2015 2:40 PM |

Summer in UP_Firstpostदेश के अधिकांश इलाकों में जहां किसी ना किसी मौसमी गतिविधि के चलते तापमान सामान्य या इसके आसपास चल रहा है वहीं पूर्वी भारत, खासतौर पर उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड गर्मी का भीषण प्रकोप झेल रहे हैं। इन राज्यों में कई जगहों पर दिन का तापमान सामान्य से 6 से 7 डिग्री ऊपर चल रहा है। इलाहाबाद में मंगलवार को पारा 47.6 डिग्री तक चला गया, जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक है। शहर में जला देने वाली इस गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी सामान्य से 6 डिग्री अधिक 45.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वाराणसी में 5 डिग्री अधिक 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

झारखंड के डाल्टनगंज में सामान्य से 8 डिग्री अधिक 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। राज्य का गिरीडीह 12 डिग्री अधिक तापमान के कारण उबल रहा है, यहाँ 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बिहार के गया में भी 40 डिग्री सेल्सियस सामान्य तापमान के बजाए पारा 46 डिग्री पर पहुंच गया। राजधानी पटना में भी भीषण गर्मी दर्ज की जा रही है, जहां मंगलवार को सामान्य से 5 डिग्री अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इस समय इन पूर्वी राज्यों में कोई भी मौसमी हलचल नहीं है जिसके चलते आसमान पूरी तरह साफ है और सूरज आँखें दिखा रहा है। झारखंड के छोटा नागपुर के पठारी क्षेत्रों में चलने वाली प्री-मॉनसूनी गतिविधि काल बैसाखी भी घट गई है जिससे इन भागों में पारा बढ़ा है। काल बैसाखी के दौरान इस क्षेत्र में भीषण हवाएँ चलती हैं और बादलों की गर्जना जैसी मौसमी गतिविधियां होती रहती हैं जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलती है।

पूर्वी राज्यों में 3 दिनों के बाद हो सकती है बारिश 

इन पूर्वी राज्यों में अगले 2 से 3 दिनों तक लू का प्रकोप बने रहने की आशंका है। लेकिन उत्तर भारत के पहाड़ों पर एक पश्चिमी विक्षोभ पहुँच रहा है और हरियाणा से एक ट्रफ रेखा उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड होते हुये पश्चिम बंगाल तक जा रही है जिससे 3 दिनों के बाद इन पूर्वी राज्यों में बारिश की गतिविधियां होंगी। बिहार के अधिकांश भागों में बारिश होने की संभावना है। झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बादल छाएंगे और गरज के साथ बारिश दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को काफी राहत मिल सकती है।

Image credit: firstpost

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try