Skymet weather

[Hindi] रविवार को आए तूफान ने ली 80 लोगों की जान; फिलहाल उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम रहेगा शांत

May 15, 2018 11:52 AM |

Deadly storm in North India

देश भर में इस समय प्री-मॉनसून वर्षा की गतिविधियां बढ़ गई हैं। कई जगहों पर आँधी, तूफान की चपेट में आने से जान और माल को भी नुकसान हो रहा है। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को मौसम से जुड़ी दुर्घटनाओं पर एक रिपोर्ट जारी की जिसमें बताया गया है कि उत्तर पश्चिम भारत सहित देश के विभिन्न भागों में रविवार को मौसम से जुड़ी घटनाओं में लगभग 80 लोगों की मौत हो गई है।

उत्तर प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में से एक रहा जहां 26 जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं ने सामान्य जनजीवन को व्यापक रूप में प्रभावित किया। उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने, मकान ढहने, बिजली के खंबे तथा पेड़ों के गिरने की घटनाओं में 51 लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार पश्चिम बंगाल में 14, आंध्र प्रदेश में 12, दिल्ली में दो और उत्तराखंड में एक व्यक्ति की मौत हुई। उत्तर प्रदेश में 123 लोग घायल हुए हैं। दिल्ली में 11 और उत्तराखंड में 2 व्यक्तियों के घायल होने की खबर है।

इससे पहले 2 मई और 7 मई को देश के कई इलाकों में प्री-मॉनसून हलचल के बाद से लोग सावधान हो गए हैं और मौसम की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए सरकार के संबंधित विभाग सहित आम आदमी भी सतर्कता बरत रहा है। इसके बावजूद भी कुछ क्षेत्रों में प्री-मॉनसून गतिविधियों से जुड़ी घटनाओं में लोगों की जान जाना दुखद है। यह दुर्घटनाएँ ना हों इसके लिए मौसम पूर्वानुमान के और अधिक प्रचार-प्रसार की ज़रूरत है। गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

 

Live lightning and thunderstorm across India

फिलहाल मौसम ने करवट ले ली है और उत्तर पश्चिम भारत में अब हलचल बंद हो गई है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यहाँ बना चक्रवाती सिस्टम कमजोर हो गया है। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ भी आगे निकल गया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अगले 2-3 दिनों के दौरान मौसम शुष्क और शांत रहेगा। हालांकि उत्तरी पंजाब में कुछ जगहों पर जबकि दिल्ली सहित अन्य मैदानी भागों में तापमान बढ़ने की श्तिती में एक-दो स्थानों स्थानों पर हल्की आँधी चलने या गर्जना होने की संभावना बनी रहेगी।

[yuzo_related]

इसके अलावा रविवार को प्रभावित हुए अन्य राज्यों की अगर बात करें तो पश्चिम बंगाल में प्री-मॉनसून हलचल जारी रहेगी। यहाँ अगले कुछ दिनों के दौरान तूफानी हवाओं और बादलों की गर्जना के साथ बारिश हो सकती है। बिजली गिरने की घटनाएँ भी संभव हैं जिससे लोगों को सावधान रहने की ज़रूरत है। इसी तरह आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय जिलों में भी मौसम में हलचल बनी रहेगी। जबकि शेष आंध्र प्रदेश में छिटपुट वर्षा के आसार हैं।

इन सब के बीच स्काइमेट का अपने पाठकों से सुझाव है कि मौसम की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए सावधान रहना चाहिए और अन्य लोगों को भी जागरूक करना चाहिए ताकि किसी अप्रिय स्थिति का सामना ना करना पड़े।

Image credit: UCA News

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try