Skymet weather

[Hindi] दिल्ली में फरवरी के पहले पखवाड़े में दर्ज किया गया दिन का तापमान पिछले 15 वर्षों में सर्वाधिक

February 11, 2021 1:00 PM |
Delhi Weather

दिल्ली के सफदरजंग में 10 फरवरी को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 2021 में पहली बार अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पास पहुंचा है। दिल्ली में 10 फरवरी का दिन पिछले 15 वर्षों का सबसे गर्म दिन रहा क्योंकि अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री ज़्यादा रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली के लोधी रोड में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री ज़्यादा 29.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

फरवरी महीने के शुरुआती सप्ताह में दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 23 डिग्री है और आखिरी सप्ताह का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस है। इससे पहले भी दिल्ली में फरवरी में तापमान 30 डिग्री के स्तर पर पहुँचता रहा है लेकिन ऐसा प्रायः देखने को नहीं मिलता है। फरवरी के पहले पखवाड़े में दर्ज किया गया 30.4 डिग्री सेल्सियस तापमान पिछले 15 वर्षों में सबसे ज़्यादा है।

TABLE

Delhi Maximum Temperatures

इससे पहले वर्ष 2006 में फरवरी महीने में 8 तारीख को पारा 30 डिग्री के स्तर पर पहुंचा था। यही नहीं 2006 का फरवरी महीना काफी गर्म रहा था क्योंकि उस साल के इस महीने में 11 दिन ऐसे थे जब अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया था। 26 फरवरी, 2006 को तो इसने सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया और 34.1 डिग्री सेल्सियस के स्तर तक पहुँच गया।

इस समय उत्तर भारत में कोई सक्रिय मौसम सिस्टम नहीं है जिससे दिल्ली में आने वाले दिनों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। हालांकि 12 फरवरी को कुछ समय के लिए हल्के बादल दिल्ली के आसमान पर आ सकते हैं जो सीधी धूप की राह में बाधा होंगे। बारिश की संभावना दिल्ली-एनसीआर में 20 फरवरी से पहले नहीं है। 11 से 20 फरवरी के बीच जिस तरह की स्थितियाँ संभावित हैं उससे लगता है कि इस दौरान कुछ और दिन 30 डिग्री तापमान वाले होंगे। हालांकि उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएँ सुबह और रात में अपना प्रभाव दिखा सकती हैं जिससे न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच रहेगा और सामान्य ठंडक बरकरार रहेगी।

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try