Skymet weather

[Hindi] दिल्ली में बढ़ी उमस; 24 जुलाई से मॉनसून वर्षा कर सकती है वापसी

July 21, 2017 3:17 PM |

Delhi heat wave_Daily Hunt 600दिल्ली में 20 जुलाई की सुबह मूसलाधार वर्षा रिकॉर्ड की गई। मॉनसून वर्षा के चलते बीते दिनों से राष्ट्रीय राजधानी में जारी भीषण गर्मी और उमस से लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिली। लेकिन 20 जुलाई की सुबह को ही बारिश बंद होने के बाद बादलों का प्रभाव कम होने लगा और दोपहर तक गर्मी के साथ उमस भी बढ़ गई।

राजधानी दिल्ली और इससे सटे शहरों नोएडा, गाज़ियाबाद, फ़रीदाबाद और गुरुग्राम में 21 जुलाई को भी आर्द्रता और तापमान बढ़ने से उमस और तेज गर्मी जारी है। इस बीच इस स्काइमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दिल्ली में अगले 2-3 दिनों तक उमस और गर्मी इसी तरह से बनी रहेगी।

[yuzo_related]

राजधानी और आसपास के भागों पर कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम नहीं है जिससे जल्द विशेष मॉनसून वर्षा की संभावना नहीं है। लेकिन गुजरात से मध्य प्रदेश होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी मॉनसून की अक्षीय रेखा के चलते गंगा के मैदानी भागों में दिल्ली तक आर्द्र दक्षिण-पूर्वी हवाएँ लगातार चल रही हैं। साथ ही दिल्ली में तापमान भी काफी अधिक बना हुआ है।

delhi

इस मौसमी परिदृश्य के बीच दिल्ली और आसपास के हिस्सों में अगले 2-3 दिनों तक भारी मॉनसून वर्षा के आसार नहीं हैं। हालांकि अधिक आर्द्रता और उच्च तापमान के बीच स्थानीय तौर पर बादल विकसित होने और थोड़े समय के लिए कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

गुजरात से बंगाल की खाड़ी तक बनी मॉनसून की अक्षीय रेखा 23 जुलाई को दक्षिणवर्ती होगी जिसके चलते दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में 24 जुलाई से बारिश बढ़ने के आसार दिखाई दे रहे हैं। अनुमानों के अनुसार दिल्ली में 24-25 जुलाई के बीच अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। 27 जुलाई से मध्यम से भारी वर्षा के आसार हैं।

इस बीच दिल्ली में लोगों को भले ही अब तक कम बारिश की शिकायत हो लेकिन 2017 के मॉनसून सीजन में राजधानी में सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। हालांकि बारिश का दायरा सीमित होने और कम समय तक वर्षा होने के चलते गर्मी और उमस से अभी भी राहत नहीं मिली है।

Image credit: Daily Hunt

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try