[Hindi] दिल्ली में फिर गिरने लगा तापमान, अगले 3-4 दिनों के दौरान सर्दी करेगी परेशान

February 5, 2021 1:45 PM|

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे शहरों में 4 फरवरी को कई जगहों पर अच्छी बारिश देखने को मिली। बारिश का पहला स्पेल सुबह आया और दोपहर के समय मौसम ने ब्रेक ली। शाम को तेज़ हवाओं के बाद बारिश की फिर से वापसी हुई और गर्जना के साथ कई जगहों पर वर्षा दर्ज की गई। सफदरजंग में 2.1 मिमी और पालम में 3.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। 24 घंटों की अवधि में लोधी रोड पर भी 2.5 मिमी की बारिश हुई।

दिल्ली में बीते दो-तीन दिनों से तापमान में वृद्धि हो रही थी। बारिश वाले दिन न्यूनतम यानि 4 फरवरी को न्यूनतम तापमान सफदरजंग में 12.4 डिग्री था जो आज गिरकर 6.8 डिग्री पहुँच गया। इसी तरह पालम में 4 फरवरी को 14.4 और 5 फरवरी को 8.9 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह लोधी रोड पर भी तापमान में 6 डिग्री की बड़ी गिरावट हुई और आज पारा 6.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी दिशा में निकाल गया है। इस सिस्टम के आगे जाने के बाद अब बारिश की गतिविधियां बंद हो गई हैं और हवाओं का रुख बदलने लगा है। उत्तर-पश्चिमी हवाएँ दिल्ली-एनसीआर पर फिर से अपना असर दिखाएंगी। इन हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी और सुबह तथा रात की सर्दी लौट आएगी।

सप्ताह के आखिर में यानि 6 और 7 फरवरी को दिन में खिली धूप रहेगी जिससे दिन तो खुशनुमा होगा लेकिन सुबह और रात में सर्दी से आपको बचना होगा। इन दिनों में जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास रहेगा वहीं अधिकतम तापमान 25 डिग्री के स्तर पर पहुँच जाएगा। हालांकि दिन में भी चलती ठंडी और शुष्क पश्चिमी हवाएँ तापमान को और तेज़ी से नहीं बढ़ने देंगी। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में अब बारिश के लिए लंबा इंतज़ार करना पड़ेगा।

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।