Skymet weather

[Hindi] दिल्ली में 19 फरवरी की तेज़ गर्मी के बाद मौसम होगा सुहावना

February 20, 2017 12:35 PM |

Delhi sunny weather Stockclip दिल्ली वालों ने असामान्य रूप से गर्म मौसम को देखते हुए अपने गर्म कपड़ों की पैकिंग शुरू कर दी थी। बीते कई दिनों से राष्ट्रीय राजधानी में पारा लगातार ऊपर जा रहा था और 19 फरवरी को इसने पिछले 5 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ डाला। 19 फरवरी को दर्ज किया गया तापमान बीते 5 वर्षों में सबसे अधिक है।

रविवार को ऐसा लग रहा था जैसे ठंडी ने भी छुट्टी कर ली हो क्योंकि अधिकतम तापमान बढ़ते हुए सामान्य से 6 डिग्री अधिक 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी इसी तरह का रुझान रहा और यह सामान्य से 5 डिग्री अधिक 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत के भागों में तापमान का तेज़ी से बढ़ना और मौसम का लगातार गर्म होते जाना यूं तो आश्चर्यजनक लगता है लेकिन स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों की मानें तो उत्तर भारत के पर्वतीय भागों में आने वाले एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ इसके लिए जिम्मेदार हैं।

इस सिस्टम के चलते ना सिर्फ उत्तर के पहाड़ों से आने वाली हवाओं पर ब्रेक लगती है बल्कि दिल्ली सहित मैदानी राज्यों में दक्षिण-पश्चिमी गर्म और उमस भरी हवाओं का प्रवाह बढ़ जाता है जिससे दिन और रात के तापमान में व्यापक बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है।

वर्तमान मौसमी परिदृश्य के अनुसार जम्मू कश्मीर के पास बना पश्चिमी विक्षोभ अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी दिशा में निकल जाएगा जिसके चलते पहाड़ों से ठंडी और शुष्क हवाओं का प्रवाह दिल्ली में फिर से आएगा और पारा दोबारा घटना शुरू होगा।

हवाओं में बदलाव के चलते दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। इससे हम उम्मीद कर रहे हैं कि बीते 3-4 दिनों से जारी गर्मी से निजात मिलेगी और मौसम फिर से कुछ समय के लिए खुशनुमा होगा। मौसम में यह बदलाव इस सप्ताह के आखिर तक बना रह सकता है। उसके पश्चात फिर से पारा ऊपर जा सकता है।

Image credit: Stockclip

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try