[Hindi] दिल्ली में बीते दो दिनों की बारिश के बाद मौसम होगा सुहावना

April 6, 2017 6:50 PM|

Delhi sunrise-at-india-gate_The Holiday India 600दिल्लीमें बड़े दिनों के बाद मौसम की मेहरबानी हुई है। मौसम में बदलाव से दिल्ली वालों को ना सिर्फ तेज़ गर्मी से राहत मिली है बल्कि अगले कुछ दिनों के दौरान सुबह और शाम के समय मौसम सुहावना बने रहने की संभावना है। तीन दिनों के पहले जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा था वहीं बुधवार को यह सामान्य के आसपास 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जैसा कि स्काइमेट ने पूर्वानुमान लगाया था दिल्ली में बीते दो दिनों से अच्छी प्री-मॉनसून वर्षा रिकॉर्ड की गई। हालांकि अप्रैल में इतनी बारिश अनपेक्षित है। भले ही यह सामान्य बारिश नहीं थी लेकिन दिल्ली वालों को इसके चलते गर्मी से बहुप्रतीक्षित राहत ज़रूर मिली है।

दिल्ली के साथ-साथ उत्तर पश्चिम भारत के अन्य भागों और उत्तर के पहाड़ी राज्यों में भी अच्छी वर्षा हुई है। जम्मू कश्मीर के पास बने पश्चिमी विक्षोभ और मैदानी राज्यों पर विकसित हुए चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र तथा यहाँ बनी एक ट्रफ के चलते मौसम में यह अचानक और सुखद बदलाव देखने को मिला।

दिल्ली में 4 और 5 अप्रैल को 25 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दिल्ली और आसपास के शहरों में बारिश के बाद उत्तर से शीतल हवाओं का प्रवाह बढ़ेगा। इन हवाओं के चलते 7 अप्रैल को दिन और रात के तापमान में गिरावट होगी। कल अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने के आसार हैं। राजधानी में 10 अप्रैल तक सुबह और रात के समय मौसम खुशनुमा बना रहेगा। अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि धीरे-धीरे शुरू होगी लेकिन इस बढ़ोत्तरी के बावजूद उत्तर-पश्चिमी शीतल हवाओं के चलते दिन में भी मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा बना रहेगा।

Image credit The Holiday India

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।

 

 

Similar Articles