Skymet weather

[Hindi] मध्य भारत में बना डिप्रेशन; महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश के सभी भागों में अच्छी बारिश

August 16, 2018 3:35 PM |

Rain in Nagpur

दक्षिणी छत्तीसगढ़ और ओड़ीशा पर बना डिप्रेशन पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ते हुए विदर्भ तक पहुँच गया है। इसके प्रभाव से मध्य भारत के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है। यह सिस्टम अगले 24 से 48 घंटों तक प्रभावी रहेगा। इसके कारण आंध्र प्रदेश से लेकर तेलंगाना, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तरी आंध्र प्रदेश और गुजरात तक बारिश बढ़ जाएगी।

यह सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर होगा और गहरे निम्न दबाव का रूप लेगा लेकिन इससे पहले मध्य भारत के कुछ भागों में भीषण बारिश होगी। इसमें उत्तरी तेलंगाना, उत्तरी आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कुछ भागों में पिछले 24 घंटों के दौरान मूसलाधार वर्षा रिकॉर्ड की गई है। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में भी कुछ स्थानों पर लंबे समय बाद अच्छी बारिश हुई है।

हमारा अनुमान है कि 24 घंटों के बाद मध्य भारत के राज्यों में बारिश की गतिविधियां कम होंगी लेकिन विदर्भ और मराठवाड़ा में मूसलाधार वर्षा अगले 24 घंटों तक जारी रहेगी। इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र, मुंबई सहित उत्तरी कोंकण गोवा में बारिश बढ़ जाएगी और कई जगहों पर मध्यम और कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।

अहमदाबाद, बड़ौदा, सूरत, राजकोट, अमरेली सहित गुजरात क्षेत्र में 17 और 18 अगस्त को मध्यम से भारी बौछारें गिरने की संभावना है। राज्य में पहले से ही बारिश शुरू हो गई है। दूसरी ओर 18 अगस्त से पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और मराठवाड़ा में बारिश में कमी आ जाएगी। गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

 

Live lightning and thunderstorm status

महाराष्ट्र के मध्य भागों और मराठवाड़ा क्षेत्र में लंबे समय से बारिश नहीं हुई है। इसके अलावा गुजरात भी बारिश के मामले में सबसे पीछे चल रहा है। मौसम में हुए वर्तमान बदलाव के चलते इन भागों में बारिश के आंकड़ों में सुधार देखने को मिलेगा। साथ ही किसानों की चिंता भी इस बारिश के चलते कुछ कम होगी।

Image credit: Hero Miles

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try