Skymet weather

[Hindi] लंबे अंतराल के बाद कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली

January 30, 2017 9:30 AM |

Delhi fogदिल्ली में कोहरा अपडेट: 30-01-2017; लंबे अंतराल के बाद कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली

बीते कुछ सप्ताह से दिल्ली की सुबह कोहरा मुक्त हो रही थी लेकिन सोमवार की सुबह ना सिर्फ दिल्ली में बल्कि राष्ट्रीय राजधानी के आसपास के शहरों में घने कोहरे की चादर तन गई।

दिल्ली सहित उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी सोमवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली के जनकपुरी, चाँदनी चौक और अन्य हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरा रहा जबकि पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेस-3 जैसे कुछ इलाकों में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिला। फ़रीदाबाद और नोएडा में भी हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा।

पालम हवाई अड्डे पर सुबह के समय घने कोहरे के चलते दृश्यता घटकर शून्य तक पहुँच गई थी जिससे रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। इन्दिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से जाने वाली 12 उड़ानें देरी से चलीं जबकि 3 आने वाली उड़ानों को लैंड करने में विलंब हुआ। हवाई जहाजों के आवागमन से जुड़े अपडेट के लिए यहाँ क्लिक करें

सूत्रों से अनुसार आज कई जगहों पर छाए घने कोहरे के चलते लगभग 50 रेलगाड़ियां प्रभावित हुई हैं। ट्रेनों के आवागमन से जुड़ा ताज़ा अपडेट जानने के लिए यहाँ क्लिक करें

स्काइमेट के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी भागों और गंगा के मैदानी भागों में हाल की बारिश के बाद वातावरण में बनी नमी के चलते इन भागों में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल रहा है। बारिश के बाद वातावरण में बनी नमी के साथ हवा की गति में कमी आने और तापमान में गिरावट होने के कारण कोहरे के लिए स्थितियाँ अनुकूल बनीं।

स्काइमेट के अनुसार अगले 2-3 दिनों के दौरान दिल्ली और आसपास के शहरों में हवा की गति और तापमान में कमी तथा वातावरण में नमी की वर्तमान स्थितियाँ बनी रहेंगी जिससे अगले 2-3 दिनों तक सुबह के समय इन भागों में कई जगहों पर हल्के से मध्यम तो कुछ स्थानों पर घना कोहरा जारी रह सकता है।


दिल्ली में कोहरा अपडेट: 02-01-2017; दिल्ली और आसपास के भागों में रहा हल्का कोहरा

नए साल के दूसरे दिन की भी शुरुआत हल्के से मध्यम कोहरे के बीच हुई। हालांकि दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में घना कोहरा देखने को नहीं मिला। जिस कड़ाके की ठंड का दिल्ली वालों को इंतज़ार रहता है उसकी एक झलक 29 दिसम्बर को देखने को मिली और 1 जनवरी तक जारी रही। जबकि 2 जनवरी, सोमवार को सर्दी में कमी आई और कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम जबकि छिटपुट जगहों पर घना कोहरा देखा गया। आज सुबह कुछ समय के लिए दिल्ली के पालम में दृश्यता घटकर 150 मीटर पर आ गई थी।

फ़रीदाबाद, आनंद विहार और नोएडा सहित अन्य भागों में हल्के से मध्यम कोहरा दर्ज किया गया। हालांकि दिल्ली और आसपास के भागों में विशेष कोहरा ना होने के बावजूद दिल्ली से जाने वाली 11 फ्लाइट और दिल्ली आने वाली 13 उड़ाने देरी से चलीं।

स्काइमेट के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू कश्मीर के पास बना पश्चिमी आगे निकल गया है जिससे दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी भागों में हवाओं का रुख बदलेगा और कोहरा साफ हो जाएगा। साफ आसमान के चलते दिन में खिली धूप रहेगी। इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब पहुँचने वाला है। यह सिस्टम सोमवार शाम से जम्मू कश्मीर को प्रभावित कर सकता है।

दिल्ली में कोहरा अपडेट: 30-12-2016; दिल्ली में कहीं-कहीं रहा कोहरा, कल घने कोहरे के आसार

क्रिसमस यानि 25 दिसम्बर के बाद से दिल्ली में सुबह के समय आमतौर पर कोहरा देखने को नहीं मिल रहा था। लेकिन वर्तमान मौसमी परिदृश्य संकेत कर रहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में एक बार फिर से कोहरे की वापसी हो रही है। उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों तक सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटी है और इसका असर दिल्ली सहित उत्तर भारत के अन्य मैदानी राज्यों में भी धीरे-धीरे बढ़ेगा। आज सुबह राजधानी और इसके आसपास के शहरों में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरा रहा जबकि एक-दो जगह घना कोहरा देखने को मिला।

दिल्ली के पालम हवाई अड्डे के पास कुछ समय के लिए सुबह 4:30 बजे कोहरा घना हुआ जिससे दृश्यता कम कोहर 100 मीटर के आसपास चली गई थी लेकिन धीरे इसमे सुधार आया और बाद में दृश्यता बढ़कर 300 मीटर पर पहुँच गई। दिल्ली से सटे नोएडा, फ़रीदाबाद और अन्य शहरों में भी कोहरा ना के बराबर रहा। स्काइमेट का अनुमान है कि मौसमी परिस्थितियाँ एक बार फिर से दिल्ली में कोहरे के लिए अनुकूल बन रही हैं। तो आप तैयार रहिए नव वर्ष का स्वागत कोहरे में लिपटी रात और सुबह के साथ करने के लिए।  

दिल्ली में कोहरा अपडेट: 28-12-2016; दिल्ली में छिटपुट जगह रहा कोहरा, जल्द कोहरा बढ़ने के आसार

दिल्ली में आज सुबह भी कुछ स्थानों को छोड़कर शेष भागों में सुबह साफ़ और सर्द रही। पालम जैसे इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। कुछ समय के लिए घने कोहरे के चलते दृश्यता घटकर 100 मीटर के आसपास पहुंच गई थी। स्थानीय परिस्थितियों को इस कोहरे का कारण माना जाता है। दृश्यता में कमी के चलते लगभग 12 उड़ानें के आवागमन में देरी हुई जिनमें 8 दिल्ली आने वाली उड़ानें हैं और चार उड़ानें दिल्ली से जाने वाली शामिल है।

इसके अलावा दिल्ली के बाकी हिस्सों में सुबह मुख्यतः साफ रही। हालांकि कहीं-कहीं कुहासा आसपास के शहरों जैसे नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी मौसम का मिजाज़ ऐसा ही रहा। स्काईमेट वेदर के अनुसार उत्तर भारत में इस समय कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं है जिससे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में उत्तर-पश्चिमी दर्द और शुष्क हवाएं लगातार चल रही हैं। इन हवाओं के कारण यहां वातावरण में नमी कम हो गई है और कोहरा देखने को नहीं मिल रहा है।

हालांकि दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में जल्द ही मध्यम से घना कोहरा एक बार फिर से दस्तक दे सकता है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि एक नया पश्चिम विक्षोभ जम्मू कश्मीर के पास पहुंचने वाला है। इसके प्रभाव से मध्य पाकिस्तान और उसके सटे हरियाणा पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी विकसित हो सकता है। इन सिस्टमों के चलते हवा के रुख में जल्द ही बदलाव होगा। मैदानी भागों में पहुंच रही उत्तर पश्चिमी हवाएं कम होंगी जबकि पूर्वी हवाएं यहां पर पहुँचेंगी जो आर्द्र होंगी। इन पूर्वी हवाओं के साथ आई आर्द्रता से वातावरण में नमीं बढेगी और कोहरा एक बार फिर से देखने को मिलेगा। दिल्ली और इसके आसपास के शहरों के लोग मध्यम से घना कोहरा देखने के लिए रहें तैयार।


दिल्ली में कोहरा अपडेट: 27
-12-2016; दिल्ली वालों की एक और कोहरामय सुबह

दिल्ली और आसपास के शहरों में बीते कुछ दिनों के दौरान सुबह के मौसम में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। दिल्ली और एनसीआर में सुबह के समय फिर से तापमान में कमी आ रही है साथ ही कोहरा भी कई जगहों पर बन रहा है। इस वर्ष की सर्दी में अगर नवंबर के आखिरी दिनों से दिसम्बर के कुछ शुरुआती दिनों तक के घने कोहरे के दौर को छोड़ दें तो ज़्यादातर समय दिल्ली की सुबह कोहरामुक्त ही रही है। बल्कि यूं कहें कि सुबह के समय वातावरण पूरी तरह से स्वच्छ होता रहा है।

उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों की तरफ से आने वाली उत्तर और उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के चलते दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में वातावरण का यह परिदृश्य देखने को मिल रहा था।

हालांकि बीते 2-3 दिनों से दिल्ली में सुबह के समय कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छा रहा है। मंगलवार की सुबह भी कई जगहों पर कुहासा और हल्का कोहरा रहा जबकि कहीं-कहीं घने कोहरे का प्रभाव देखने को मिला। दिल्ली के पालम में सुबह 6 बजे दृश्यता घटकर शून्य पर चली गई थी। कोहरे के चलते दृश्यता में आई कमी के चलते दिल्ली आने वाली और दिल्ली से जाने वाली कम से कम 11 उड़ानों में देरी हुई। इसके अलावा लगभग 36 रेलगाड़ियां भी अपने समय से काफी विलंब से चल रही हैं।

दिल्ली के मौसम का मिजाज़ अगले 24 घंटों तक इसी तरह का रहने का अनुमान है। एक-दो स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा। हालांकि कोहरे की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी भी आएगी क्योंकि उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएँ फिर से रफ्तार पकड़ रही हैं।


दिल्ली में कोहरा अपडेट:
26-12-2016; दिल्ली में लगातार दूसरे दिन छाया कुछ स्थानों पर घना कोहरा

दिल्ली में लगातार दूसरे दिन कई जगहों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। हालांकि कोहरे का दौर राजधानी में दिसम्बर के शुरूआती हफ्ते के बाद से इससे पहले देखने को नहीं मिल रहा था। लेकिन वर्तमान कोहरे का दौर पिछले दौर के मुक़ाबले बहुत छोटा है। यानि दिल्ली ने दिसम्बर के शुरुआत में घने कोहरे का जो कई दिन लगातार अनुभव किया, कोहरे की उतनी व्यापकता इस बार देखने को नहीं मिलेगी।

दिल्ली के साथ-साथ इसके आसपास के शहरों में भी मौसम ने करवट ली और रविवार को सुबह जहां कई जगहों पर कोहरा देखने को मिला वहीं दिन के तापमान में व्यापक कमी के चलते कड़की की ठंड का भी लोगों ने आनंद उठाया। रविवार के बाद सोमवार को भी दूसरे दिन दिल्ली के साथ-साथ ग़ाज़ियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी कई जगहों पर हल्का कोहरा जबकि कहीं-कहीं मध्यम से घना कोहरा रहा

घने कोहरे के चलते पालम हवाई अड्डे पर दृश्यता घटकर शून्य पर चली गई थी। इसके अलावा आनंद विहार, न्यू अशोक नगर, मयूर विहार फेज 3 और चांदनी चौक में भी हल्का कोहरा छाया रहा जबकि दिल्ली के जनकपुरी में वातावरण स्वच्छ रहा।

दिल्ली में कोहरा अपडेट: 23-12-2016; दिल्ली और एनसीआर में कोहरे की वापसी के आसार

बीते कई दिनों से दिल्ली और आसपास के शहरों में कोहरा ना छाने से राहत बनी हुई थी। हालांकि कोहरे के अभाव में ऐसा लगता है जैसे मौसम सर्दियों का नहीं है। सर्दी की अनुभूति के लिए कम तापमान, सर्द हवाएँ और कोहरा अहम पहलू हैं। हालांकि जिस दौर का ज़िक्र यहाँ कर रहे हैं उस दौरान भी राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरा या कुहासा छाता रहा है।

शुक्रवार की सुबह भी दिल्ली में कहीं-कहीं मध्यम कोहरा और कई जगहों पर धुन्ध तथा कुहासे का बढ़ता प्रभाव देखने को मिला। कोहरे और धुन्ध के चलते दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर दृश्यता कुछ समय के लिए कम होकर 300 मीटर तक आ गई। हालांकि पालम में कोहरे के लिए स्थानीय कारकों जैसे हरे-भरे खेतों और जल श्रोतों को जिम्मेदार माना जा रहा है।

दिल्ली सहित आसपास के राज्यों में बढ़ती धुन्ध और कोहरे के कारण आज कम से कम 43 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। यही नहीं 3 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी देरी से चलीं और एक घरेलू उड़ान को रद्द कर दिया गया। दिल्ली के अलावा नोएडा, फ़रीदाबाद और गाज़ियाबाद में भी कई जगहों पर हल्का कोहरा देखा गया।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के शहरों में जल्द ही मध्यम से घने कोहरे की वापसी हो सकती है। अगले 24 घंटों में परिस्थितियाँ कोहरे के लिए अनुकूल बन रही हैं। यानि शनिवार को दिल्ली में कई जगहों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। कोहरे की इस संभावना के लिए हवाओं के रुख में बदलाव को जिम्मेदार माना जा रहा है। इससे पहले जहां शुष्क और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चल रहीं थीं वहीं अब हवा का रुख बदलकर पूर्वी हो गया है।


दिल्ली में कोहरा अपडेट: 21-12-2016; सामान्य से अधिक तापमान के बीच कोहरामुक्त रही दिल्ली की सुबह

जैसा कि स्काइमेट पहले से ही बताता रहा आज भी दिल्ली की सुबह कोहरामुक्त रही। खुला आसमान और साफ वातावरण के बीच न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। पालम में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। कोहरा ना होने के चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दृश्यता का स्तर काफी अच्छा बना रहा। पालम और सफदरजंग दोनों केन्द्रों पर सुबह 8 बजे दृश्यता का स्तर 800 मीटर रिकॉर्ड किया गया जबकि उससे पहले या उसके बाद दृश्यता 1000 मीटर से अधिक बनी रही।

दिल्ली और इसके आसपास के भागों में चल रही मध्यम उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के चलते कोहरा नहीं बन पा रहा है। साथ ही तापमान भी सामान्य से अधिक है जो कोहरे के लिए अनुकूल नहीं है। बीते 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में हवाओं की रफ्तार बढ़ जाने से एक-दो स्थानों पर भी कोहरा देखने को नहीं मिला।

दिल्ली में कोहरा अपडेट: 20-12-2016; पश्चिमी हवाओं के बीच दिल्ली में कोहरा निष्प्रभावी

दिल्ली और आसपास के भागों में बीते कई दिनों से व्यापक कोहरा देखने को नहीं मिल रहा है। स्काइमेट के अनुसार उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ जैसी किसी मौसमी गतिविधि के अभाव में मैदानी राज्यों में लगातार शुष्क और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चल रही हैं जिसके चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार कोहरे से राहत बनी हुई है।

इन हवाओं की गति मध्यम है और इनमें आर्द्रता यानि नमी नहीं है जिसके चलते दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में कोहरा नहीं छा रहा है।

हालांकि पालम जैसे एक-दो इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर कुछ समय के लिए देखा गया। दिल्ली के पालम हवाई अड्डे के पास से मौसम केंद्र ने जो आंकड़े एकत्र किए हैं उसके मुताबिक सुबह कुछ समय के लिए दृश्यता घटकर 400 मीटर तक चली गई थी। हालांकि इन भागों में कोहरे के स्थानीय कारक मुख्यतः ज़िम्मेदार हैं क्योंकि पालम जैसे इलाकों के पास हरियाली काफी अधिक है और वातावरण खुला है।

दिल्ली में कोहरा अपडेट: 19-12-2016; दिल्ली में कोहरे का मामूली प्रभाव

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोहरे से राहत जारी रही। एक नए सप्ताह के नए दिन की शुरुआत सर्द रही और कुछ स्थानों पर धुंध तथा हल्का कुहासा छाया रहा। दिल्ली के अलावा इससे सटे शहरों में भी मौसम का मिजाज़ कुछ ऐसा ही रहा। हालांकि दिल्ली में कहीं-कहीं कुछ समय के लिए हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा। पालम में सुबह 7:30 बजे से 8 बजे के बीच दृश्यता घटकर 250 मीटर पर आ गई थी जिससे कुछ समय के लिए रेल और सड़क यातायात में बाधा आई। सफदरजंग में भी 7:30 बजे से 8 बजे की समय अवधि में दृश्यता 300 मीटर तक कम हो गई थी।

कोहरे के चलते दिल्ली से 8 उड़ानें देरी से चलीं जबकि 3 रद्द कर दी गईं। इसके अलावा दिल्ली आने वाली 3 उड़ानें देरी से पहुंची और 2 रद्द कर दी गईं । राजधानी दिल्ली आने वाली और दिल्ली से जाने वाली हवाई सेवाओं के बारे में अपडेट रहने के लिए यहाँ क्लिक करें। कल चलकर राजधानी दिल्ली पहुँचने वाली 21 रेलगाड़ियां भी निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। रेलगाड़ियों के अपडेट सहित और अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करें

दिल्ली में कोहरा अपडेट: 18-12-2016; दिल्ली में एक और कोहरमुक्त सुबह

सर्दी का मौसम धीरे-धीरे बीतता जा रहा है और कोहरे के साथ-साथ कड़ाके की ठंडी भी दिल्ली वालों के साथ लुका छिपी का खेल खेल रही है। दिल्ली और आसपास के शहरों में बमुश्किल ही पारा सामान्य से नीचे आया है। आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अधिकांश समय न्यूनतम तापमान या तो सामान्य के आसपास रहा या सामान्य से ऊपर रहा जिससे अपेक्षित सर्दी अब तक नहीं पड़ी है और इसी कारण बीच-बीच में लंबे समय तक सुबह कोहरा मुक्त हो रही है।

हालांकि 18 दिसम्बर की सुबह के समय दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र पर रिकॉर्ड किए गए आंकड़ों के अनुसार न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री नीचे 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे ठंडक तो रही लेकिन कोहरा ना के बराबर रहा। दिल्ली के सफदरजंग और पालम में हल्के कोहरे और धुन्ध के चलते सुबह 7:30 बजे दृश्यता कुछ समय के लिए कम हुई थी इन दोनों केन्द्रों पर दृश्यता क्रमशः 300 और 200 मीटर रिकॉर्ड की गई। सुबह 7:30 बजे के पश्चात दृश्यता निरंतर बढ़ती रही।

इस समय उत्तर भारत के मैदानी भागों में उत्तर-पश्चिमी शुष्क और ठंडी हवाएँ चल रही हैं जिसके चलते दिल्ली सहित इन भागों से कोहरा गायब है और आने वाले एक-दो दिनों तक इस मौसमी परिदृश्य में बदलाव के आसार नहीं हैं जिससे विशेष कोहरे की संभावना कम ही है।

दिल्ली में कोहरा अपडेट: 16-12-2016; दिल्ली में लगातार चौथे दिन की शुरुआत कोहरामुक्त सुबह के साथ

बीते 3-4 दिनों से सुबह का स्वच्छ वातावरण इस बात का संकेत देता है कि दिल्ली और इसके आसपास के शहरों से कोहरे का दौर खत्म सा हो गया है। लेकिन यह नहीं कह सकते कि कोहरे ने दिल्ली से विदा ले ली है। हालांकि वर्तमान मौसमी परिदृश्य देखकर ऐसा ही लगता है । दिल्ली में शुक्रवार को भी वातावरण बिल्कुल साफ रहा।

दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में लगातार कोहरे की गैर मौजूदगी के लिए हम उत्तर और उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के जिम्मेदार मान सकते हैं क्योंकि इन हवाओं की गति मध्यम है और वातावरण में नमी कम है जिसके चलते वातावरण साफ बना हुआ है। लगातार 4 दिनों से कोहरा ना छाने से दिल्ली आने वाली विलंब से चल रही रेलगाड़ियां रफ्तार पकड़ रही हैं और हवाई यातायात भी सुचरू रूप से संचालित किया जा रहा है।

दिल्ली में कोहरा अपडेट: 14-12-2016; दिल्ली-एनसीआर से गायब रहेगा कोहरा

दिल्ली में लगातार चौथे दिन भी कोहरा गायब रहा। इससे पहले शनिवार को दिल्ली में घने कोहरे की चादर तनी रही। बीते रविवार को भी दिल्ली और आसपास के शहरों में कुछ स्थानों पर मध्यम से घने कोहरे का प्रभाव जारी रहा। उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर के पास बने पश्चिमी विक्षोभ के आगे निकल जाने के बाद से मैदानी भागों में उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएँ चल रही हैं। इन हवाओं के प्रभाव से ही कोहरे में कमी देखने को मिल रही है।

स्काइमेट के अनुसार दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में कम से कम अगले 2 दिनों तक कोहरा छाने की संभावना कम है क्योंकि इस दौरान हवाओं के रुख में बदलाव और वातावरण में नमी बढ़ने की अपेक्षा कम ही है। हालांकि कश्मीर के गुलमर्ग और पहलगाम जैसे इलाकों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों में पहुंचेगा जिससे दिल्ली के न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। यानि धीरे-धीरे सुबह और रात की सर्दी में बढ़ोत्तरी होगी जबकि दिन में तेज़ धूप के प्रभाव से दिन का तापमान ऊपर जाएगा और हल्की गर्मी महसूस की जाएगी।

दिल्ली के सफदरजंग में बुधवार को सुबह का तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसमें क्रमशः गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है।

दिल्ली में कोहरा अपडेट: 13-12-2016; दिल्ली और आसपास के शहरों में कोहरे में लगातार कमी से राहत

सर्दियों में जब तक घना कोहरा दिखाई ना दे तब तक कड़ाके की ठंड का अनुभव नहीं होता है। भले ही तापमान कम हो और ठंडी हवाएँ मौसम को बेहद सर्द बना रही हों लेकिन घने कोहरे की चादर तनते ही लोग यह अनुभव करने लगते हैं कि सर्दी अब अपने चरम पर है। उत्तर भारत के मैदानी भागों से लेकर उत्तर प्रदेशमध्य प्रदेश और पूर्वी तथा पूर्वोत्तर राज्यों में नवंबर के आखिर से जनवरी के मध्य तक सर्दी चरम पर होती है। और यही समय है जब कोहरा भी सूरज को अक्सर ढँकता रहता है।

दो दिन पूर्व दिल्ली में इस सीजन का सबसे कम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन इस समय फिर से पारा ऊपर गया है और तापमान बढ़ने से दिल्ली और आसपास के शहरों में ना सिर्फ सर्दी कम है बल्कि कोहरा भी काफी घट गया है। मंगलवार को दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मंगलवार को कोहरे में कमी के चलते दृश्यता भी बेहतर रही। हालांकि सुबह कुछ समय के हल्के कोहरे के प्रभाव से दृश्यता घटकर 600 मीटर पर आ गई थी जिसमें शीघ्र ही सुधार देखने को मिला। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे शहरों में बुधवार को न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है जिससे कोहरे में कमी बनी रहेगी।

दिल्ली में कोहरा अपडेट: 12-12-2016; दिल्ली और आसपास के शहरों में घटा कोहरा

दिल्ली और आसपास के शहरों में दिसम्बर की शुरुआत से ही सर्दी का प्रभाव बढ़ने के साथ ही कोहरे का भी व्यापक असर देखने को मिल रहा था। हालांकि यूं तो कोहरा नवंबर के आखिरी दिनों से ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में छने लगा था, जिसके चलते यातायात पर असर पड़ा था। कोहरे की सबसे अधिक मार दिल्ली आने वाली ट्रेनों पर पड़ी है। पूर्वी भारत से बिहार और उत्तर प्रदेश होकर आने वाली लगभग सभी गाडियाँ अब तक देरी से चल रही हैं।

कोहरे के चलते राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली आने वाली और दिल्ली से जाने वाली ट्रेंनों के अलावा कई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। दिल्‍ली आने वाली 82 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। मीडिया में आई खबरों के अनुसार 23 रेलगाड़ियों का समय बदला गया है। कोहरे के चलते दिल्‍ली से जाने वाली 12 गाडियाँ रद्द कर दी गई हैं। कई रेलगाड़ियां लगभग 24 घंटे तक देरी से चल रही हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली और इन राज्यों से होकर आने वाली ट्रेनों पर सबसे ज्‍यादा असर पड़ा है।

कोहरे के परिदृश्य में फिलहाल कुछ सुधार हुआ है। उत्तर भारत से आने वाली मध्यम और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते दिल्ली और आसपास के भागों में वातावरण शुष्क हुआ है जिससे राजधानी में सोमवार को कोहरे में व्यापक कमी देखने को मिली। हालांकि सोमवार की सुबह 5:30 बजे दृश्यता 150 मीटर तक कम हुई थी और सुबह 7:30 बजे तक 200 मीटर दृश्यता बनी रही। उसके बाद इसमें व्यापक सुधार देखने को मिला।

अगले 24 घंटों के लिए कोहरे की संभावनाओं की बात करें तो दिल्ली और आसपास के शहरों में शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते कोहरा कम रहने के आसार हैं। हालांकि सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है, लेकिन यह यातायात को प्रभावित करे ऐसी संभावना कम ही है।

Image credit : Dev

ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try