Skymet weather

[Hindi] वैष्णो देवी धाम में आज शाम से बारिश

March 15, 2017 2:13 PM |

Vaishno devi Rainउत्तर भारत के राज्यों में मौसम की उठापटक जारी है। बीते 2-3 दिनों के साफ मौसम के बाद एक बार फिर से जम्मू कश्मीर बारिश और बर्फबारी की संभावना बन गई है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब आने वाला है, जो इस समय उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे कश्मीर के पास दिखाई दे रहा है। इस सिस्टम के प्रभाव से जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम से वर्षा दर्ज की जा सकती है।

इस सिस्टम के प्रभाव से जम्मू में कटरा स्थित वैष्णो धाम का भी मौसम प्रभावित होगा। कटरा में आंशिक तौर पर बादल दिखाई देने लगे हैं। अनुमान है कि आज शाम से वैष्णो धाम में हल्की बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी। अगले 24 घंटों तक यानि बृहस्पतिवार तक गरज के साथ हल्की बौछारें दर्ज की जा सकती हैं।

उत्तर भारत में स्थित पवित्र तीर्थस्थल वैष्णो धाम पहुँचने वाले यात्रियों के लिए कटरा का मौसम पूर्वानुमान अहम होता है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बादल छाने और बारिश होने के चलते अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की जाएगी। न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। दिन और रात का तापमान पहले से ही सामान्य से नीचे चल रहा है। मंगलवार को कटरा में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 21.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश की संभावनाओं के बीच तापमान में विशेष बढ़ोत्तरी नहीं होगी लेकिन न्यूनतम तापमान ऊपर जाने से कड़ाके की ठंड से यात्रियों को कुछ राहत मिल सकती है। यात्रा में बारिश भी विशेष व्यवधान नहीं डालने वाली लेकिन यात्रा पर निकलने से पहले ठंड और बारिश से बचाव के प्रबंध आपको करने होंगे।

Image credit: MakeMy Trip

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try