[Hindi] मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के शहरों में बारिश की संभावना; ओले भी गिर सकते हैं

March 1, 2020 10:27 AM|

मध्य भारत के राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में पिछले 48 घंटों से मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ था। लेकिन आज इन दोनों राज्यों में बारिश होने की संभावना है। खासतौर पर मध्य प्रदेश के उत्तरी और मध्य भागों और महाराष्ट्र के मराठवाड़ा तथा विदर्भ क्षेत्र में वर्षा की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। छत्तीसगढ़ में भी दिख सकती है बारिश।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी हवाओं के आपस में टकराने की वजह से मध्य भारत पर बारिश के लिए मौसम अनुकूल बना है। इसे कोन्फ़्लुएन्स ज़ोन कहते हैं, जो मराठवाड़ा से मध्य प्रदेश होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक बना है। यह धीरे-धीरे पूर्वी दिशा में जाएगा। इसके अलावा एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी मध्य प्रदेश के ऊपर विकसित होगा। इन सिस्टम के कारण मध्य भारत के क्षेत्रों में अगले 48 घंटों तक बारिश की संभावना है।

English Version:Rain and hailstorm likely in Madhya Pradesh and Chhattisgarh

अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के पूर्वी और मध्य भागों में कई जगहों पर जबकि महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्र में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ बादलों की गर्जना होने, तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की संभावना है। ग्वालियर, भोपाल, सागर, सतना, पन्ना, जबलपुर, नागपुर, वर्धा, रायपुर और अम्बिकापुर सहित कई शहरों के प्रभावित होने के आसार हैं।

इस दौरान इन सभी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी, क्योंकि दिनभर बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। कल से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में कल भी एक-दो स्थानों पर वर्षा हो सकती है। कल से मध्य भारत के इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी और 3 मार्च से अधिकतम तापमान बढ़ेगा।

Image credit: IndiaTvNews 

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।

Similar Articles