Skymet weather

[Hindi] दिल्ली में तापमान में उत्तरोत्तर बढ़ोत्तरी, पर्यटन के लिए सबसे उपयुक्त मौसम

February 14, 2017 3:46 PM |

Delhi-morningफरवरी के पहले पखवाड़े के बीतने के साथ ही दिल्ली में मौसम ने गीयर बदल लिया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों में कड़ाके की ठंड अब अलविदा कह रही है और इसकी जगह ले रहा है सुहावना मौसम। दिल्ली जाने के लिए यह मौसम सबसे उपयुक्त है क्योंकि इस समय ना तो अधिक ठंड है और ना ही ऐसी गर्मी जो आपको परेशान करे। यह अलग बात है कि सुबह अगर आप निकलेंगे तो ठंड के कपड़ों को अनदेखा नहीं कर सकते लेकिन दोपहर में तेज़ धूप के चलते हल्की गर्मी परेशान कर सकती है।

अब गर्मी शुरू होने में अधिक वक़्त नहीं है। इससे पहले ही दिल्ली और आसपास के शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 2 डिग्री ऊपर चला गया है। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। अगले 48 घंटों के दौरान दिन और रात दोनों तापमानों में क्रमशः वृद्धि होने की संभावना है।

मौसमी परिदृश्य के आंकलन के बाद स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि दिल्ली में अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। रात में इस समय काफी ठंडा हो रहा मौसम अब शीतल और सुहावना हो जाएगा। और दिन का मौसम गर्म महसूस होगा।

अब प्रश्न यह भी उठता है कि अखिर मौसम में इतनी तेज़ी से बदलाव की वजह क्या है। तो हम आपको बता दें कि मैदानी राज्यों में इस समय कोई मौसमी सिस्टम नहीं है जिससे यहाँ साफ आसमान और शुष्क मौसम तापमान को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है। इसके अलावा उत्तर में जम्मू कश्मीर के पास एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी पहुँच गया है जिसके चलते पहाड़ों से दिल्ली सहित उत्तर के मैदानी भागों में आ रही ठंडी हवाओं में ब्रेक लगने से भी पारा बढ़ेगा। साथ ही आपको यह भी बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पर्वतीय राज्यों तक ही सीमित रहेगा और दिल्ली सहित उत्तर के मैदानी राज्यों में मौसम फिलहाल साफ तथा शुष्क ही बना रहेगा।

Image credit: Viator.com

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try