Skymet weather

[Hindi] लोकसभा चुनाव 2019: 11 अप्रैल को पहले चरण का मतदान और चुनावी राज्यों का मौसम

April 10, 2019 10:23 AM |

लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। दोनों प्रमुख राष्ट्रीय दल कांग्रेस और भाजपा सहित सभी सियासी दल चुनावी दंगल में ताल ठोक रहे हैं। इस बार लोकसभा की 543 सीटों के लिए सात चरणों में मतदान होना है। जिसमें पहले चरण के तहत 11 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। जबकि आखिरी चरण की वोटिंग 19 मई को होगी और नतीजे 23 मई को आएंगे। बता दें कि, पहले चरण की 91 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम छह बजे से बंद हो गया है।

पहले चरण में 20 राज्य, 91 सीटें

पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इनमें आंध्र प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश की दो, असम की पांच, बिहार की चार, छत्तीसगढ़ की एक, जम्मू-कश्मीर की दो, महाराष्ट्र की सात, मणिपुर की एक, मेघालय की दो, नगालैंड-मिजोरम की एक-एक, ओडिशा की चार, सिक्किम की एक जबकि तेलंगाना की 17, त्रिपुरा की एक, उत्तर प्रदेश की आठ, उत्तराखंड की पांच और पश्चिम बंगाल की दो सीटों पर मतदान होगा। इसके अलावा अंडमान और लक्षद्वीप समूह की एक-एक पर मतदान होगा।

राज्यवार मौसम पूर्वानुमान :

पहले चरण के मतदान के दिन यानी 11 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश में बादल छाए रह सकते हैं। एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। चुनाव के दिन बारिश और उमस भरे मौसम के बीच मतदाताओं में उत्साह होगा। यह मौसम मतदान में कोई बड़ी समस्या नहीं बनेगा।

असम के मौसम की बात करें तो यहाँ पहले चरण के मतदान के दिन कुछ जगहों पर हल्की बारिश की उम्मीद है। आसमान में बादल छाये रहेंगे।

11 अप्रैल को बिहार का मौसम बहुत गर्म और शुष्क रहेगा। हालांकि आसमान में कभी-कभार बादल दिख सकते हैं। जिससे गर्मी से मामूली राहत मिलेगी। वहीं, कटिहार, पूर्णिया और किशनगंज के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की उम्मीद है।

छत्तीसगढ़ में आसमान साफ़ रहने के साथ मौसम गर्म और शुष्क होगा। यहाँ गर्मी से मतदाता और चुनाव अधिकारियों तथा सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले अधिकारियों को कुछ परेशानी हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर में गरज के साथ हल्की बारिश देखी जा सकती है। आसमान में बादल छाये रहेंगे। हालांकि, भारी बारिश की उम्मीद नहीं है। मतदाताओं को मतदान करने में किसी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।

महाराष्ट्र में अधिकांश रूप से साफ़ आसमान के साथ मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा।

मणिपुर में पहले चरण के मतदान के दिन छिटपुट बारिश की उम्मीद है। जबकि, एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश के भी आसार हैं। आकाश में मुख्य रूप से बादल छाये रहने की संभावना है।

मेघालय के मौसम की अगर बात करें तो अधिकांश जगहों पर मौसम साफ़ बना रहेगा। लेकिन राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की उम्मीद है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे।

मिजोरम में छिटपुट बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर माध्यम बारिश के भी आसार हैं। आसमान में यहाँ भी आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे।

नागालैंड में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा, हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश के आसार हैं। आसमान में हल्के बादल छाये रहेंगे।

ओडिशा में मौसम साफ़ और शुष्क बने रहने की संभावना है। लेकिन राज्य के तटीय जिलों में मामूली बारिश देखी जा सकती है।

सिक्किम में आसमान में बादल छाए रहेंगे। एक-दो जगहों पर मध्यम बारिश की भी उम्मीद है।

11 अप्रैल को तेलंगाना में आसमान साफ़ रहने के साथ मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा।

त्रिपुरा में पहले चरण के मतदान के दिन छिटपुट बारिश दिख सकती है। राज्य के एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश की भी उम्मीद है।

देश के सबसे बड़े राज्य यानि उत्तर-प्रदेश का मौसम, साफ़ आसमान के साथ शुष्क और गर्म बना रहेगा। हालांकि उत्तर-प्रदेश के पश्चिमी भागों में एक-दो स्थानों पर धूलभरी आँधी के साथ गर्जना की सम्भावना है।

उत्तराखंड का मौसम ज़्यादातर जगहों पर शुष्क रहेगा। लेकिन कुछ जगहों पर हल्की बारिश के आसार हैं। आसमान में बादल छाए रहेंगे।

अंडमान निकोबार द्वीपसमूह और लक्षद्वीप में मौसम शुष्क बना रहेगा।

पश्चिम बंगाल में उप-हिमालयी भागों में हल्की बारिश के आसार हैं।

Image Credit : Moneycontrol

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try