Skymet weather

[HINDI] भीषण गर्मी की चपेट में मध्य प्रदेश, कुछ हिस्सों पर लू का होगा प्रकोप

April 25, 2019 6:34 PM |

मध्य भारत में मध्य प्रदेश ऐसा राज्य है जो कि अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण, प्री-मानसून (मार्च-मई) सीजन की अधिकांश मौसम प्रणालियों से सीधे प्रभावित नहीं होता है। हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत से सटे भिंड, मुरैना, ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी और दतिया जैसे कुछ इलाकों में छिटपुट स्थानों पर रुक-रुक कर प्री-मॉनसून वर्षा की गतिविधियां देखने को मिलती रहती हैं। 

मध्य प्रदेश के उत्तरी जिलों के कुछ हिस्सों को छोड़कर राज्य के अन्य सभी हिस्सों यानि मध्य, पूर्वी और दक्षिणी भागों में प्री-मॉनसून सीज़न के दौरान मौसम में बहुत कम हलचल होती है।

Also Read In English: MADHYA PRADESH TO REMAIN HOT AND DRY FOR THE COMING WEEK, PARTS TO REEL UNDER HEAT WAVE

अगर बीते मार्च महीने में मध्य प्रदेश के मौसम की बात करें तो, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 63 प्रतिशत की भारी कमी रही। जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 8% अधिक बारिश दर्ज की गई।

अप्रैल के भी पहले पखवाड़े में मार्च की ही कहानी जारी रही। इसके बाद मौसम बदला और रुक-रुक कर कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई। मध्य प्रदेश में 16 अप्रैल को धूल भरी आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं तथा गरज के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गयी। उस दौरान बिजली गिरने के कारण कुछ लोगों की जान भी चली गई थी।

इसके बाद, राज्य में प्री-मॉनसून मौसम गतिविधियां रुक-रुक कर होती रही। अभी तक के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिमी मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर 87 प्रतिशत जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 30 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है।

पिछले कई दिनों से, मध्य प्रदेश में शुष्क और गर्म मौसम की स्थिति चल रही है। यहां का दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक है। वहीं, कुछ पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में तो लू की स्थिति बनी हुई है।

बीते कल यानी बुधवार को मध्य प्रदेश के खरगोन शहर में मौसम का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री दर्ज किया गया। जिससे कारण यह भारत का सबसे गर्म शहर बन गया। इसके अलावा पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई अन्य हिस्सों जैसे धार में दिन का तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

आने वाले दिनों में, कोई महत्वपूर्ण मौसम प्रणाली नहीं होने के कारण, मध्य प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में मौसम शुष्क और बहुत गर्म रहेगा। तापमान में भी वृद्धि जारी रहेगी। इसके अलावा क्षेत्र के कुछ हिस्से लू की स्थिति के चपेट में भी आ सकते हैं। कुल मिलाकर, अगले एक सप्ताह के लिए चल रहे गर्म मौसम से कोई राहत नहीं है।

Image Credit: Goibibo

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try