Skymet weather

[Hindi] पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में महाशिवरात्रि पर बदला मौसम; पूर्वी भारत के इन राज्यों में कई दिनों तक होगी बारिश

February 21, 2020 1:47 PM |

पूर्वी भारत के राज्यों में महाशिवरात्रि पर्व से मौसम बदल गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार के कुछ हिस्सों और झारखंड के पश्चिमी भागों में बारिश आज से शुरू हो सकती है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक एक ट्रफ बनी है जिसके कारण बंगाल की खाड़ी से आर्द्रता पूर्वी भारत के क्षेत्रों पर पहुंच रही है। यही वजह है कि पूर्वी राज्यों में वर्षा के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हैं।

बारिश की शुरुआत आज पूर्वी उत्तर प्रदेश और इससे सटे बिहार तथा झारखंड के भागों से होगी। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर इन क्षेत्रों में बादल भी छाए रहेंगे। कल से अनुमान है कि पूर्वी भारत के क्षेत्रों में बारिश बढ़ जाएगी और कुछ स्थानों पर अच्छी वर्षा देखने को मिल सकती है। उसके पश्चात यानी 23 फरवरी को बारिश की गतिविधियों में कमी रहेगी। लेकिन 24 फरवरी से एक बार फिर से वर्षा में तेजी आने की संभावना है।

English version: Rainy Mahashivratri for Bihar, Jharkhand and East Uttar Pradesh

माना जा रहा है कि बिहार पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र 24 फरवरी को विकसित होगा। इसके कारण 24 और 25 फरवरी को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में कई जगहों पर मध्यम से तेज वर्षा की उम्मीद है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी उस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। अनुमान है कि ओडिशा और झारखंड में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी और कहीं-कहीं पर ओले भी गिर सकते हैं।

26 फरवरी से बारिश पूर्वोत्तर राज्यों की तरफ बढ़ जाएगी और पूर्वी भारत के क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः साफ हो जाएगा। हालांकि 26 फरवरी को भी गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा एक-दो स्थानों पर वर्षा जारी रहेगी।

Image credit: Hindi Rush

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try