Skymet weather

[Hindi] मॉनसून 2019: एक महीने की देरी के बाद मॉनसून निकला वापसी की राह पर, दिल्ली को भी कहा अलविदा

October 10, 2019 1:11 PM |

Updated on October 10, 2019 at 01:20 PM: दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से भी मॉनसून की वापसी

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी शुरू हुई 9 अक्तूबर को राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों से। लेकिन जैसी उम्मीद थी 10 अक्तूबर को यह उत्तर भारत में पंजाब के अधिकांश हिस्सों, समूचे हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से भी अलविदा कह गया। इसके अलावा उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश के भी कुछ हिस्सों से लौट गया। पश्चिमी राजस्थान के सभी भागों और पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों से मॉनसून ने वापसी कर ली है।

मॉनसून की वापसी की सीमा रेखा इस समय गुरदासपुर, चंडीगढ़, हरिद्वार, बहराइच, सुल्तानपुर, ओरई, सवाई माधोपुर और जालोर होकर गुज़र रही है। उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों के साथ जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश से भी शीघ्र ही मॉनसून वापसी कर सकता है।

Originally Published on October 10, 2019 at 11:00 AM: मॉनसून 2019: एक महीने की अप्रत्याशित देरी के बाद मॉनसून निकला वापसी की राह पर

साल 2019 में ना सिर्फ दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगमन में देरी हुई बल्कि यह वापस भी निर्धारित समय से एक महीने की देरी से कर रहा है। हालांकि देर से आने के बाद भी मॉनसून ने इस साल जमकर बारिश दी है। इस साल चार महीनों के मॉनसून सीज़न में दीर्घावधि औसत (887 मिमी) की तुलना में 110% बारिश रिकॉर्ड की गई।

देश में 1 जून से 30 सितंबर के बीच बम्पर बारिश देने के बाद भी मॉनसून वापस जाने को तैयार नहीं था। आमतौर पर 1 सितंबर के बाद मॉनसून की वापसी कभी भी शुरू हो जाती है लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। यहाँ तक कि अक्टूबर के पहले सप्ताह तक मॉनसून की वापसी के कोई संकेत नहीं दिखाई दे रहे थे।

अगले तीन दिनों का मौसम जानें नीचे दिए वीडियो में: 

हालांकि 9 अक्टूबर को इसकी वापसी की घोषणा के लिए स्थितियाँ अनुकूल बनीं और यह अपने पहले पड़ाव राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों से वापस निकला। उत्तर-पश्चिम भारत और इससे सटे पाकिस्तान पर एक विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ। इसके चलते आर्द्र हवाओं का प्रवाह कम हुआ यानि हवाओं में नमी घटने लगी। साथ ही बीते कुछ दिनों से बारिश बंद हो गई है।

English Version: After long wait, Southwest Monsoon finally begins withdrawal from parts of Rajasthan, Punjab, Haryana

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ और भागों से जल्द ही मॉनसून की विदाई के लिए स्थितियाँ अनुकूल बन रही हैं। अनुमान है कि अगले चरण में यह पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के अधिकांश इलाकों के साथ-साथ राजधानी दिल्ली और एनसीआर से एक साथ मॉनसून अलविदा कह सकता है। इसके तुरंत बाद उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से भी विदा हो जाएगा मॉनसून।

इसी समय उम्मीद है कि जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित पूर्वी भारत के भी कुछ हिस्सों से मॉनसून वापस लौट जाएगा। मॉनसून 2019 ने जहां मध्य प्रदेश को सबसे अधिक परेशान किया वहीं बिहार तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में सितंबर के पहले पखवाड़े तक पहले तरसाया उसके बाद अपने आखिरी समय में जमकर भिगोया।

Image credit: IndiaSomeday

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try