Skymet weather

[Hindi] राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में समय से पहले बढ़ी गर्मी, हाल के वर्षों में 2021 का फरवरी महीना हो सकता है सबसे गर्म

February 23, 2021 1:32 PM |
Delhi Weather

दिल्ली में जिस तरह से गर्मी बढ़ती जा रही है उससे लगता है कि 2021 का फरवरी महीना हाल के कुछ वर्षों में सबसे गर्म महीना बन जाएगा। 22 फरवरी को दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। इससे पहले 10 फरवरी को अधिकतम तापमान 30 डिग्री को पार कर गया था। उसके बाद से हर दिन पारा सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर ही दर्ज किया जा रहा है। फरवरी के शेष दिनों में भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे ऊपर रहने का अनुमान है जो औसत तापमान 26 डिग्री से अधिक है। फरवरी के आखिरी दिनों में हवाओं का रुख बदलेगा जिससे पारा और बढ़ते हुए 31 डिग्री को भी पार कर सकता है।

फरवरी के आरंभिक सप्ताह का दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस है और आखिर में औसत अधिकतम तापमान 26 डिग्री है। इस तरह पूरे महीने का औसत तापमान होता है 23.9 डिग्री सेल्सियस। लेकिन फरवरी के शुरुआती दिनों में ही तापमान सामान्य से ऊपर पहुँच गया था और तीसरे हफ्ते के आखिर तक यह सामान्य से अधिक ही रिकॉर्ड किया गया। इस तरह 1 फरवरी से 22 फरवरी के बीच यानि तीन हफ्तों के दौरान दिल्ली में दर्ज किए गए अधिकतम तापमान का औसत 26.7 डिग्री रहा। शेष दिनों के दौरान आसमान साफ रहेगा और तेज़ धूप का असर जारी रहेगा जिससे पूरे महीने में रिकॉर्ड किए गए तापमान का औसत 27.5 डिग्री को भी पार कर सकता है।

इससे पहले हाल के वर्षों में फरवरी महीने के औसत तापमान का ज़िक्र करें तो 2016 में फरवरी में रिकॉर्ड किए तापमान का औसत था 26 डिग्री सेल्सियस। लगभग यही स्थिति 2017 में भी रही जब फरवरी में 25.9 डिग्री औसत तापमान रिकॉर्ड किया गया। 2017 में फरवरी में सबसे अधिक तापमान 21 फरवरी को 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 2018 में भी 23 फरवरी को 32 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था।

फरवरी 2020 का अब तक का सबसे गर्म दिन 10 फरवरी था जब अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज किया गया था। जिस तरह के हालात इस समय दिखाई दे रहे हैं उनसे लगता है कि फरवरी के बाकी बचे दिनों में पारा 32 डिग्री के स्तर को भी पार कर सकता है। इससे 2021 का फरवरी महीना हाल के वर्षों में सबसे गर्म महीना बन जाएगा।

Image credit:

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try