Skymet weather

[Hindi] ओडिशा में पड़ रही है भीषण गर्मी, भुवनेश्वर में 40 डिग्री की हैट्रिक

March 1, 2021 1:46 PM |
Bhubaneswar hot weather

ओडिशा के राजधानी शहर भुवनेश्वर में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। शहर में लगातार तीसरे दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री के स्तर पर रिकॉर्ड किया गया। यही नहीं भुवनेश्वर पूरे भारत में सबसे गर्म शहरों की सूची पर तीन दिन से शीर्ष पर बना हुआ है। भुवनेश्वर में 26 फरवरी को दिन का तापमान 40.4 डिग्री रहा। 27 फरवरी को 40.6 डिग्री और 28 फरवरी को 40.0 डिग्री सेल्सियस पारा रिकॉर्ड किया गया।

भुवनेश्वर में फरवरी महीने का औसत अधिकतम तापमान है 31.5 डिग्री जबकि इस साल फरवरी महीने में दर्ज किए गए तापमान का औसत 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो औसत अधिकतम से 6 डिग्री अधिक है। यह पूरे राज्य में सर्वोच्च है। ओडिशा में फरवरी महीने का अधिकतम औसत तापमान 27.9 डिग्री के स्तर पर पहुंचा जो सामान्य से 4 डिग्री ज़्यादा है। ओडिशा के 120 वर्षों के इतिहास में यह दूसरा सबसे गर्म फरवरी महीना रहा है। 2021 के अलावा पिछले 10 वर्षों में दो बार भुवनेश्वर में तापमान इस स्तर पर पहुंचा था। वर्ष 2012 में 26 फरवरी को पारा 40.1 डिग्री और 2016 में 20 फरवरी को 40.9 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया था।

ओडिशा के आंतरिक हिस्सों में भी पिछले कुछ दिनों से तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है। अंगुल में पारा 40 डिग्री पहुँचा। जबकि सम्बलपुर, झारसुगुदा, कोरापुट, तितलागढ़ और क्योंझारगढ़ में भी अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री तक ऊपर पहुँच गया है जिससे इन शहरों में लू जैसे हालात बन गए हैं। तटवर्ती शहरों चाँदबाली में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक है। इतने अधिक तापमान के साथ उमस ने भी लोगों का बुरा हाल कर रखा है।

राज्य में इतनी भीषण गर्मी के लिए विपरीत चक्रवाती क्षेत्र को मुख्यतः जिम्मेदार माना जा सकता है। आमतौर पर यह सिस्टम अगले 48 घंटों में अपनी सामान्य जगह पर आ जाएगा जिससे वर्तमान स्थितियों में बदलाव होगा और राज्य के ज़्यादातर शहरों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी। हालांकि आर्द्रता का स्तर बढ़ जाएगा। लेकिन ओडिशा में कम से कम अगले 10 दिन तक बारिश की संभावना नहीं है।

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try