Skymet weather

[Hindi] पटना, गया, रांची, जमशेदपुर में बारिश के बाद अब शुष्क मौसम

February 14, 2018 3:38 PM |

Bihar rain बिहार और झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश दर्ज की गई है। इससे पहले नए साल की शुरुआत से अब तक मौसम पूरी तरह से सूखा बना हुआ था। पिछले 24 घंटों के दौरान दोनों पूर्वी राज्यों में कुछ स्थानों पर बादलों की गरज के साथ हल्की वर्षा दर्ज की गई है।

सर्दियों में पूर्वी भारत के राज्यों में आमतौर पर बारिश उत्तर भारत में बनने वाले सिस्टमों से होती है। उत्तर भारत में आने वाले सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और इसके प्रभाव से विकसित होने वाले चक्रवाती सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार और झारखंड तक पहुँचते हैं और दोनों राज्यों में बारिश होती है।

इस बीच पिछले 3-4 दिनों के दौरान देश भर में कई मौसमी सिस्टम बने थे। इसमें कुछ मौसमी सिस्टम बिहार और झारखंड के पास भी विकसित हुए थे। इन्हीं सिस्टमों के चलते देश के मध्य से उत्तर और पूर्वी भारत के विभिन्न भागों में 11 से 13 फरवरी के बीच बारिश दर्ज की गई। हालांकि इस दौरान कहीं गतिविधियां अधिक थीं तो कहीं कम। गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

UP Bihar and Jharkhand Lightning and rain

बिहार और झारखंड की बात करें तो यहाँ पिछले 2-3 दिनों से बादल दिखाई दे रहे थे लेकिन बारिश के दर्शन कल हुए। रांची में 10.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। छपरा में 3 मिमी, बोकारो में 2 मिमी, डाल्टनगंज में 0.8 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा सुपौल, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, पटना और गया सहित आसपास के भागों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की वर्षा देखने को मिली।

[yuzo_related]

हालांकि यह बारिश देश के अन्य भागों के मुक़ाबले काफी कम थी और पिछले लंबे समय से जारी शुष्क मौसम के मिजाज़ को बदलने में नाकाम रही। फिलहाल बादलों और बारिश के चलते दिन के तापमान में कल कमी आई और रात में तापमान बढ़ा था।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आज से बिहार और झारखंड में मौसम साफ और शुष्क हो जाएगा। अगले एक सप्ताह तक पूर्वी भारत के इन राज्यों में बारिश जैसी संभावना फिलहाल नहीं है। बादल, बारिश और कोहरा लापता रहेंगे जबकि तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। हालांकि अगले 48 घंटों के दौरान मध्यम गति से हवाएँ चलती रह सकती हैं।

Image credit: Dailyamin

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try