Skymet weather

[Hindi] पूर्वी राज्यों में बारिश थमी, ओड़ीशा में जारी रहेगी छिटपुट वर्षा

March 15, 2016 1:00 PM |

UP_rainfall Updated on March 15, 2016 01:00 PM (IST): पूर्वी राज्यों में बारिश थमी, ओड़ीशा में जारी रहेगी छिटपुट वर्षा

पूर्वी राज्यों में 2-3 दिनों की अच्छी बारिश के बाद अब मौसम शुष्क होने वाला है। हालांकि ओड़ीशा के दक्षिणी तटवर्ती भागों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मध्य और पूर्वी भागों में बने कई मौसमी सिस्टमों के चलते इन भागों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र छत्तीसगढ़ और उससे सटे विदर्भ पर बना था। इसके अलावा पूर्वी राज्यों पर एक कोन्फ़्लुएन्स जोन भी मौसम को प्रभावित कर रहा था।

इसके अतिरिक्त उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बना उसका सहयोगी सिस्टम (चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र) भी उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश देने के बाद पूर्वी भागों में पहुंचा था। इन सभी मौसमी सिस्टमों के चलते पूर्वी भारत के राज्यों में मौसम में यह बदलाव देखने को मिला और उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड तथा पश्चिम बंगाल के साथ-साथ ओड़ीशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर 2-3 दिनों के दौरान हल्की से मध्यम वर्षा की गतिविधियां देखने को मिलीं।

अब स्थितियाँ बदल रही हैं और छत्तीसगढ़ पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र कमजोर हो गया है। उत्तर से आने वाला चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी उत्तर-पूर्वी दिशा में निकल गया है और कोन्फ़्लुएन्स जोन इस समय अपनी जगह से पूर्ववर्ती होते हुए तटीय ओड़ीशा और आंध्र प्रदेश के करीब निकल गया है।

स्काइमेट के अनुसार बारिश का प्रसार अब दक्षिणी राज्यों में फैलता दिखाई दे रहा है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश सहित दक्षिणी राज्यों में तो बारिश होगी ही महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी वर्षा की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

बारिश के चलते पूर्वी राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से 6-8 डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। वाराणसी में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम 25.6 डिग्री सेल्सियस था जबकि इलाहाबाद का दिन का तापमान सामान्य 5 डिग्री कम 27 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि अब बारिश बंद होने से दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और सामान्य के आसपास पहुँच जाएगा।

पूर्वी भारत के प्रमुख स्थानों पर सोमवार की सुबह 8:30 बजे से बीते 24 घंटों के दौरान दर्ज की बारिश के आंकड़ें नीचे दी गई सारणी में देख सकते हैं:
Table--Rain in East India

Updated on March 15, 2016 03:00 PM (IST): देश के पूर्वी राज्यों में हुई अच्छी वर्षा, 24 घंटों तक बनी रहेंगी गतिविधियां

सच हुआ स्काइमेट का पूर्वानुमान और पूर्वी राज्यों में दर्ज की गई अच्छी वर्षा। बीते 24 घंटों के दौरान देश के इन भागों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश देखने को मिली है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा के कई भागों में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां हुई हैं जबकि कहीं-कहीं तेज़ हवाओं के साथ ओले पड़ने की भी खबरें हैं।

पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ अच्छी मात्र में ओलावृष्टि हुई। उत्तर प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी जिलों में कई जगहों पर ओले पड़ने की खबरें हैं। इलाहाबाद में अनेक स्थानों पर ओले पड़े हैं जिसकी तस्वीरें स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर साझा की हैं।

देश के मध्य भागों पर भी मौसम इस समय सक्रिय है जिसके चलते मध्य प्रदेश के पूर्वी भागों, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई हैं। इन भागों में बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज़ हवाएँ का भी प्रवाह बना रहा। छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि देखने को मिली।

आगामी 24 घंटों तक बनी रहेंगी बारिश की गतिविधियां

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि देश के पूर्वी भागों में अगले 24 घंटों तक बारिश की गतिविधियां इसी तरह बनी रहेंगी। 24 घंटों के पश्चात सभी सिस्टम कमजोर पड़ेंगे जिससे बारिश में व्यापक रूप में कमी देखने को मिलेगी और धीरे-धीरे मौसम साफ तथा शुष्क हो जाएगा।

स्काइमेट के अनुसार पूर्वी राजस्थान पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के आगे बढ़ने, इससे निकलकर झारखंड तक एक ट्रफ के पहुँचने और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के चलते इन भागों में बारिश का वर्तमान झोंका आया है। इन मौसमी सिस्टमों को उत्तर भारत में आए पश्चिमी विक्षोभ से भी सहयोग मिला जिसके चलते कई दिनों तक बारिश का यह मौसम जारी रहा। विदर्भ से छत्तीसगढ़ और झारखंड के ऊपर से पश्चिम बंगाल तक बने कोन्फ़्लुएन्स जोन से भी मौसम को मदद मिली।

रविवार की सुबह 8:30 बजे से बीते 24 घंटों के दौरान प्रमुख भागों में दर्ज की गई बारिश के आंकड़े नीचे देख सकते हैं:

Table--Rain in East India

Image Credit: thehindu

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try