Skymet weather

[Hindi] दिल्ली में जारी रहेगी तापमान में वृद्धि, दिन में बढ़ेगी गर्मी

February 17, 2017 4:44 PM |

Delhi weatherदिल्ली और आसपास के शहरों में बीते कुछ दिनों से मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है। हालांकि बृहस्पतिवार यानि 16 फरवरी से राष्ट्रीय राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाए हुए हैं। अगले 2-3 दिनों तक बादल इसी तरह बने रहेंगे लेकिन मौसम मुख्यतः शुष्क ही होगा। बृहस्पतिवार को दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री ऊपर 15.4 डिग्री रहा।

इसी तरह पालम में भी दिन का तापमान 26.6 डिग्री और रात का तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहाँ भी दिन और रात दोनों समय पारा सामान्य से 3 डिग्री ऊपर पहुँच चुका है। वर्तमान मौसमी परिदृश्य के अनुसार दिल्ली में अगले 3 दिनों तक मौसम इसी तरह से गर्म बना रहेगा। आंशिक बादल छाए रहने के बावजूद दिन का तापमान सामान्य से अधिक होगा। न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोत्तरी हो सकती है।

इस समय जम्मू कश्मीर सहित उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों को एक पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर रहा है। यह सिस्टम 20 फरवरी तक बना रहेगा। हालांकि इसके प्रभाव से तथा दक्षिण-पश्चिमी गर्म और आर्द्र हवाओं के प्रभाव से दिल्ली और आसपास के शहरों में दिखाई दे रहे बादल बारिश नहीं देंगे। पश्चिमी विक्षोभ 20 फरवरी के बाद जम्मू कश्मीर से आगे निकल जाएगा जिसके बाद से राष्ट्रीय राजधानी सहित मैदानी राज्यों में पहाड़ों से होकर उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाएँ पहुंचेगी। इन हवाओं के चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

इन ठंडी हवाओं के प्रभाव से दिल्ली में दिन और रात के तापमान में 21 फरवरी के बाद फिर से गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि इसके बावजूद कड़ाके की ठंड की वापसी के आसार फिलहाल नहीं हैं। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 2016 में जनवरी महीना पिछले 5 वर्षों में सबसे गर्म था। जबकि इस बार जनवरी में दिल्ली वालों को सामान्य सर्दी देखने को मिली।

फरवरी की बात करें तो बीते 5 वर्षों में 2015 में फरवरी महीना सबसे गर्म रहा। लेकिन 2017 में इस महीने में तापमान जिस तरह से ऊपर जा रहा है, ऐसा लगता है की 2015 का रिकॉर्ड टूटेगा। अनुमान है कि पहले ही सामान्य से ऊपर पहुँच गया पारा अगले 3-4 दिनों के दौरान और बढ़ेगा।

Image credit: Indian Travels

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try