[HINDI] चक्रवाती तूफ़ान फानी: मध्य भारत में अगले 3-4 दिनों तक लू से मिलेगी राहत

May 2, 2019 12:40 PM|

मध्य भारत के अधिकांश शहरों पर लंबे समय से प्रचंड गर्मी पड़ रही है। ज़्यादातर भागों में सामान्य से काफी ऊपर चल रहे तापमान के कारण लू आफ़त बनी हुई है। महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा के साथ-साथ मध्य प्रदेश के अधिकांश शहर और राजस्थान के कुछ ज़िले सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा से लगातार चल रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण इन राज्यों में लू की स्थिति बनी हुई है।

यह हवाएं पाकिस्तान के सिंध प्रांत और राजस्थान के रेगिस्तान से आ रही थीं, जहां पहले से ही मौसम बेहद गर्म बना हुआ है। इन हवाओं के अलावा लंबे समय से शुष्क मौसम और चिलचिलाती धूप ने मध्य भारत के लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। लेकिन थोड़े समय के लिए मध्य भारत के भागों में मौसम का मिजाज़ बदलने वाला है जिससे लोगों को तेज़ गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। यह राहत मिलेगी ओड़ीशा की तरफ आ रहे भीषण चक्रवाती तूफानी फ़ानी के कारण।

मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों सहित मध्य भारत के भागों में पिछले 24 घंटों के दौरान हवाओं का रुख बदला है जिससे तापमान में जल्द गिरावट देखने को मिलेगी। ज़ाहिर है गर्मी से राहत मिलेगी।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार भीषण चक्रवात फ़ानी जैसे मौसमी सिस्टम सैकड़ों किलोमीटर दूर फैले क्षेत्रों के मौसम को भी प्रभावित करते हैं। 2 मई तकचक्रवाती तूफान फानीउत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय भागों के करीब आएगा। जिसके प्रभाव से महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी बादल दिखने के आसार हैं।

जबकि पश्चिमी राजस्थान, गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्से दक्षिण-पश्चिमी दिशा से चल रही हवा के प्रभाव में होंगे। जिससे इन भागों में कोई विशेष बदलाव नहीं दिखेगा और तापमान सामान्य या सामान्य से एक-दो डिग्री अधिक बने रहने की संभावना है। जिससे मध्य प्रदेश और विदर्भ में एक-दो स्थानों पर लू की स्थिति बनी रह सकती है।

इसके अलावा जहां लू से राहत मिलेगी, उन भागों में भी तापमान में गिरावट के बावजूद मौसम बहुत गर्म रहेगा क्योंकि अधिकांश स्थानों पर तापमान 40 डिग्री से कम होने की उम्मीद नहीं है।

Also Read In English :CENTRAL INDIA TO WITNESS RELIEF FROM HEAT WAVE FOR NEXT THREE TO FOUR DAYS, COURTESY CYCLONE FANI

चक्रवाती तूफ़ान फानी के कारण 5 मई तक लू का प्रभाव कम से कम होगा। 6 मई या 7 के आसपास फिर से स्थितियाँ बदलेंगी और पश्चिमी या उत्तर-पश्चिमी हवाएँ आएंगी जिससे मध्य भारत के शहरों में फिर से लू चलने की संभावना है।

Image Credit: Quartz

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.comअवश्य लिखें।

Similar Articles