Skymet weather

[Hindi] दिल्ली सहित उत्तर भारत के मौसम में बदलाव की आहट, फरवरी के दूसरे पखवाड़े में शिशिर ऋतु होगी विदा और आएगी वसंत ऋतु

February 2, 2020 7:08 PM |

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में जनवरी के आखिरी दिनों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई शहरों में बारिश की गतिविधियां 30 जनवरी तक देखने को मिलीं। उसके बाद से इन सभी क्षेत्रों में मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है।

बारिश बंद होने के बाद ठंडी हवाओं ने इन राज्यों को प्रभावित किया जिसके कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत हिसार, सीकर, चूरू, अमृतसर, लुधियाना, दिल्ली, चंडीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और मथुरा सहित तमाम शहरों में पारा सामान्य से नीचे चल रहा है। कई जगहों पर तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। अनुमान है कि अगले 36 घंटों तक उत्तर भारत के शहरों में मौसम का हाल ऐसा ही रहेगा।

इसे भी पढ़ें: बजट 2020: किसानों की आय 2022 तक दोगुना करने के लिए कई उपायों की घोषणा, कृषि के लिए 2.83 लाख करोड़ आवंटन का प्रावधान

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 3 फरवरी की शाम से एक नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर को प्रभावित करेगा। इसके चलते पहाड़ों पर कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होगी। लेकिन मैदानी क्षेत्रों को यह बारिश के रूप में प्रभावित नहीं कर सकेगा। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने के साथ ही मैदानी इलाकों में आने वाली ठंडी हवाएं कुछ कमजोर पड़ जाएंगी। जिससे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तापमान में जो गिरावट हो रही है वह थम जाएगी। और सुबह और राम की अनपेक्षित सर्दी से लोगों को राहत मिलेगी।

Read in English: Slight relief from wintry conditions over Punjab, Haryana, Uttar Pradesh, as temperatures set to rise

इन भागों में 3 फरवरी की सुबह कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। लेकिन 4 जनवरी से तापमान बढ़ने के साथ ही कोहरे की संभावना खत्म हो जाएगी और न सिर्फ रात के तापमान में बल्कि दिन के तापमान में भी वृद्धि का क्रम शुरू होगा। 3 से लेकर 5 जनवरी के बीच उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में दिन में हल्के बादल थोड़े समय के लिए देखे जा सकते हैं लेकिन तापमान में बढ़ोतरी को यह बादल रोक नहीं पाएंगे। कुल मिलाकर कह सकते हैं कि सर्दी धीरे-धीरे अलविदा कहने की तैयारी कर रही है और गर्मी गुपचुप दस्तक देने वाली है।

Image credit: The Statesman

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try