[Hindi] महाराष्ट्र में बेमौसम बरसात: सांगली, सतारा, शोलापुर, पुणे, नाशिक, अकोला समेत कई शहरों में होगी

January 6, 2021 8:00 AM|

महाराष्ट्र के अधिकांश इलाकों में अगले 3-4 दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना है। 5 से 8 जनवरी के बीच मध्य महाराष्ट्र, मराठवाडा और विदर्भ के क्षेत्रों में रुक-रुक वर्षा होने के आसार हैं। कोंकण गोवा के भी दक्षिणी इलाकों में वर्षा हो सकती है। जबकि उत्तरी कोंकण क्षेत्र में मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क ही बना रहेगा।

महाराष्ट्र राज्य तक आमतौर पर पश्चिमी विक्षोभ और उसके प्रभाव से विकसित होने वाले सर्कुलेशन की पहुंच से दूर होता है। इसके अलावा दक्षिणी प्रायद्वीप को प्रभावित करने वाली पूर्वी आर्द्र हवाओं का प्रभाव भी महाराष्ट्र तक कम ही पहुँच पाता है। यही कारण है कि मुंबई, पुणे, सांगली, सतारा, उस्मानाबाद, लातूर समेत अधिकांश जिलों में जनवरी की औसत मासिक वर्षा शून्य या 1 मिमी से भी कम है। महाराष्ट्र में जनवरी महीने में तभी बारिश होती है जब एक साथ कई मौसमी सिस्टम बनते हैं।

वर्तमान में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ जम्मू और कश्मीर है जबकि इसके प्रभाव से बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र राजस्थान पर बना हुआ है। इसके अलावा विपरीत चक्रवाती क्षेत्र छत्तीसगढ़ और ओडिशा के ऊपर है। अरब सागर से आने वाली से आर्द्र हवाओं के कारण उत्तरी-मध्य महाराष्ट्र के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बन सकता है। यह सभी मौसमी सिस्टम अगले 3-4 दिनों तक सक्रिय रहेगा।

अगले 3-4 दिनों में पुणे, सांगली, सतारा, शोलापुर, कोल्हापुर, जेउर, उस्मानाबाद, बीड, बुलढाणा, औरंगाबाद, परभणी, अमरावती और अकोला में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम की गतिविधि सभी जगहों पर एक साथ नहीं हो सकती है। इस बेमौसम बरसात के साथ एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। इस बारिश से फसलों को लाभ होने के आसार हैं। लेकिन ओले गिरने से फसलों को नुकसान भी हो सकता है।

Image credit:The Economic Times

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।