Skymet weather

[Hindi] पहाड़ों की सुरम्य वादियों के पर्यटन का यह सही समय

September 16, 2016 5:17 PM |

Shimla dpauls 600देश के उत्तर और उत्तर-पश्चिमी भागों से मॉनसून की वापसी अब शुरू हो गई है। इस समय पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने लगी हैं और मौसम वैज्ञानिकों ने राज्य के पश्चिमी हिस्सों से मॉनसून की वापसी की पुष्टि कर दी है।

इस बीच उत्तर भारत के पर्वतीय भागों की जलवायु बेहद सुहावनी हो रही है। इस समय तापमान ना तो अधिक है और ना कम है जिससे जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम सुहावना बना हुआ है। इसीलिए अगर आप पर्वतीय क्षेत्रों के पर्यटन पर निकलने की योजना बना रहे हैं तो यह बिलकुल सही समय है।

इन भागों में अधिकांश स्थानों पर दिन का तापमान 25 डिग्री के आसपास चल रहा है जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मनाली में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी शिमला में अधिकतम 25 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इसी दौरान उत्तराखंड के नैनीताल में 23 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 10 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। इस समय उत्तर भारत के पास जल्द कोई पश्चिमी विक्षोभ भी आता दिखाई नहीं दे रहा है। इसके अलावा मॉनसून की अक्षीय रेखा, जो पिछले कई दिनों से हिमालय के तराई क्षेत्रों में बनी हुई थी अब निष्प्रभावी हो गई है।

वर्तमान मौसमी परिदृश्यों के आधार पर हम यह कह सकते हैं कि अब पर्वतीय भागों में विशेष बारिश होने की संभावना फिलहाल नहीं है। इन भागों में मौसम के रुख में बदलाव आ चुका है। इसलिए यह समय पर्वतीय राज्यों के भ्रमण के लिए सबसे उपयुक्त होगा। खुशनुमा और सुहावने मौसम के साथ पर्वतीय राज्यों की सुरम्य वादियों का नज़ारा भी इस समय मनमोहक है।

Image credit: dpauls

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try