Skymet weather

[Hindi] दिल्ली में अगले दो दिनों तक शुष्क मौसम; बढ़ेगी गर्मी

June 9, 2017 12:45 PM |

Delhi weather _The Indian Express राजधानी दिल्ली में बीते दो दिनों की हल्की बारिश और गर्मी से राहत के बाद फिर से मौसम शुष्क होने की संभावना है। तापमान में भी वृद्धि दर्ज की जाएगी। उत्तर भारत के मैदानी भागों में हवाओं के रुख में बदलाव आ रहा है जिसके चलते नमी का प्रवाह अब कम होने और रविवार की दोपहर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

बीते दो दिनों के दौरान दिल्ली वालों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि बारिश की जितनी अपेक्षा थी वो पूरी नहीं हुई। हल्की बारिश और बादलों के प्रभाव से दिल्ली में बृहस्पतिवार को तापमान में व्यापक गिरावट देखने को मिली। सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पालम में यह सामान्य से 2 डिग्री कम 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में आज आंशिक बादल छाए रह सकते हैं हालांकि बारिश की संभावना नहीं है। राहत की बात है कि आर्द्र हवाओं और बादलों के चलते गर्मी से राहत आज भी बनी रहेगी। सफदरजंग और पालम में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।

पंजाब और उससे सटे भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र और इससे पूर्वी भारत तक बनी ट्रफ के प्रभाव से दिल्ली का मौसम बदला था। चक्रवाती सिस्टम अब कमजोर हो गया है साथ ही दिल्ली के पास से गुज़र रही ट्रफ रेखा हिमालय के तराई क्षेत्रों के पास पहुँच गई है जिसके चलते दिल्ली में मौसम फिर से करवट ले रहा है। साफ और शुष्क मौसम के चलते रविवार तक तापमान में बढ़ोत्तरी होगी जिससे गर्मी फिर से अधिक हो सकती है।

[yuzo_related]

हमारे पास आपके लिए राहत की खबर भी है। वर्तमान मौसमी परिदृश्य के अनुसार 11 जून को मध्य पाकिस्तान और इससे सटे उत्तर-पश्चिम भारत पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है। इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा पूर्वी भारत तक बनेगी। इन मौसमी सिस्टमों के चलते 11 जून की शाम से अगले 2-3 दिनों के दौरान राजधानी में धूलभरी आँधी चलने और गरज के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।

दिल्ली में मॉनसून के आगमन में अभी समय है। लेकिन उससे पहले रुक-रुक कर बारिश की गतिविधियां होती रहेंगी। 14 जून से फिर से वर्षा बढ़ने की संभावना है। उस दौरान राजधानी में तापमान में फिर से गिरावट होगी और गर्मी से राहत मिलेगी।

Image credit: ToI

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try