Skymet weather

[Hindi] महाराष्ट्र का साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान और फसल सलाह (28 दिसम्बर, 2020 से 3 जनवरी, 2021)

December 28, 2020 4:26 PM |

आइए जानते हैं 28 दिसम्बर, 2020 से 3 जनवरी, 2021 के बीच कैसा रहेगा मौसम।

महाराष्ट्र में 1 अक्टूबर से 27 दिसंबर के बीच सामान्य से 30% अधिक वर्षा हुई है। हालांकि विदर्भ एक ऐसा क्षेत्र है जहां इस दौरान सामान्य से 35% कम वर्षा हुई है। जबकि मराठवाड़ा में 8% ज़्यादा, मध्य महाराष्ट्र में 65% अधिक और कोंकण गोवा क्षेत्र में सामान्य से 82% अधिक वर्षा हुई है।

दिसंबर महीने में महाराष्ट्र में बेमौसम बरसात कुछ इलाकों में देखने को मिली थी। लेकिन इस सप्ताह महाराष्ट्र में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने की संभावना है। विदर्भ, मराठवाड़ा तथा मध्य महाराष्ट्र के उत्तरी जिलों में 28-30 दिसम्बर के दौरान तापमान में गिरावट हो सकती है। इन भागों में कुछ इलाके शीतलहर की गिरफ्त में आ सकते हैं।

मुंबई तथा इसके आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ कम बने हुए हैं। सुबह तथा रात के समय हल्की सर्दी का एहसास हो रहा है। इन भागों में 29 दिसम्बर तक तापमान कम ही बने रहने की संभावना है उसके बाद हल्की वृद्धि हो सकती है। 30 या 31 दिसंबर से महाराष्ट्र के अधिकांश विभागों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं। हालांकि बहुत अधिक वृद्धि होने की संभावना नहीं है।

महाराष्ट्र के किसानों के लिए फसल सलाह:

कोंकण क्षेत्र में ग्रीष्म कालीन धान की नर्सरी डालना जारी रखें। आम के पेड़ों पर अगर थ्रिप्स का संक्रमण हो तो 45% स्पाइनोसेड 0.25 मिली प्रति लीटर पानी की दर से स्प्रे करें।

विदर्भ में शीतलहर की संभावना को देखते हुए फसलों को अधिक ठंड के प्रकोप से बचाव हेतु हल्की सिंचाई करें। ज़्यादा ठंड से फलों को क्षति पहुँचती है। इससे बचाव के लिए केले के गुच्छों और अन्य फलों को पन्नियों से ढंकने का उपाय करें।

ज्वार की फसल में माहू के नियंत्रण के लिए डाइमेथोएट 30% ईसी 1 मिली प्रति 10 लिटर पानी की दर से डालें। जबकि विल्ट के लिए कॉपर ऑक्सीक्लोराइड 3 ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से स्प्रे करें।  

गेहूं में माहू की रोकथाम के लिए थायमेथोक्जम 25% डबल्यूजी 1 ग्राम प्रति 10 लिटर पानी की दर से डालें। चने में फली छेदक कीट के नियंत्रण के लिए HANPV 1 मिली प्रति लीटर पानी की दर से छिड़काव करें

अंगूर की फसल इस समय वानस्पतिक वृद्धि की अवस्था में है। डाउनी मिलड्यू रोग के नियंत्रण के लिए मैंकोजेब 2 राम प्रति लीटर की दर से छिड़काव करें। पाउडरी मिलड्यू के नियंत्रण के लिए टेट्राकोनाज़ोल 1 मिली प्रति लीटर की दर से छिड़काव करें।

Image Credit: The Economic Times

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try