Skymet weather

दिल्ली में आज रात से बारिश की बौछारें, वीकेंड पर घना कोहरा देगा दस्तक

January 22, 2025 3:17 PM |

दिल्ली में हाल ही में असामान्य रूप से गर्म दिनों का अनुभव हो रहा है। राजधानी शहर में लगातार तीन दिनों तक सामान्य से अधिक तापमान दर्ज हुआ है। इनमें सबसे गर्म रविवार का दिन रहा, जब अधिकतम तापमान 26.1°C तक पहुंच गया, जो सामान्य स्तर से 6.5°C अधिक था। यह पिछले छह सालों में जनवरी का सबसे गर्म दिन बन गया। पिछले दो दिनों, सोमवार और मंगलवार को सफदरजंग वेधशाला ने क्रमशः 24.5°C और 24.0°C अधिकतम तापमान दर्ज किया। आज भी शहर के विभिन्न हिस्सों और सफदरजंग वेधशाला में तापमान इसी सीमा के बने रहने की संभावना है। हालांकि, देर रात मौसम में बदलाव की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी प्रणाली सक्रिय: एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में ऊपरी वायुमंडलीय प्रणाली के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण भी देखा जा रहा है। वहीं, दक्षिण-पूर्व राजस्थान क्षेत्र में निचले वायुमंडलीय स्तरों पर एक और चक्रवाती परिसंचरण चिह्नित है। ये सभी मौसमी प्रणालियां धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ते हुए कल 23 जनवरी तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में पहुंचेंगी।

दिल्ली में रात से बारिश के आसार: इन मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से दिल्ली में आज रात और कल (23 जनवरी) गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। बारिश की गतिविधि देर रात से शुरू होगी। दिन में चमकदार धूप तापमान बढ़ाएगी और दिन को आरामदायक बनाएगी। आज(22 जनवरी) शाम के समय कुछ बादल दिखाई देंगे और बारिश देर रात शुरू होगी। बारिश अगले दिन सुबह और दोपहर तक जारी रहेगी। शाम तक मौसम में सुधार होने शुरु हो जाएगा और रात में मौसम साफ हो जाएगा।

तापमान में गिरावट और कोहरे की वापसी: तेजी से बढ़ते पारे पर कल रोक लगेगी, लेकिन न्यूनतम तापमान अगले दो दिनों तक दो अंकों में रहेगा और उसके बाद फिर से गिरावट होगी। सप्ताहांत ठंडा हो सकता है और न्यूनतम तापमान 7°C तक पहुंच सकता है। 24 से 26 जनवरी 2025 के बीच घना कोहरा लौट सकता है। अगला पश्चिमी विक्षोभ 28 जनवरी को सक्रिय होगा, लेकिन इसका असर मुख्य रूप से पहाड़ों और तराई क्षेत्रों तक ही सीमित रहेगा।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try