[Hindi] अगले सप्ताह कटाई-मड़ाई में मौसम की खलल

April 17, 2017 6:45 PM | Skymet Weather Team

देश के ज़्यादातर हिस्सों में इस समय फसलों की कटाई का काम अपने चरम पर है। कई जगहों पर गर्म हवाओं के साथ साफ मौसम कमो बेस अनुकूल बना हुआ है। लेकिन उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में 22 से 25 अप्रैल के बीच मौसम का रुख विपरीत होने वाला है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ 21 अप्रैल को उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों के करीब पहुँच सकता है।

इस सिस्टम के प्रभाव से एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब के भागों पर विकसित हो सकता है। एक ट्रफ रेखा इस चक्रवाती सिस्टम से गंगा के मैदानी भागों से होते पूर्वी उत्तर प्रदेश तक बन सकती है। इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से हमारा अनुमान है कि पंजाब में 22 और 23 अप्रैल को गरज के साथ वर्षा होगी। पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों 24 और 25 अप्रैल बादलों की गर्जना और तेज़ हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। इन राज्यों में इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने और तेज़ हवा के झोंके चलने की भी संभावना है। 26 अप्रैल को यह सिस्टम कमजोर होगा और धीरे-धीरे मौसम साफ हो जाएगा।

इस संभावित मौसम को देखते हुए पंजाब और हरियाणा के किसानों को हमारा सुझाव है कि गेहूं सहित अन्य रबी फसलों की कटाई और मड़ाई का काम तेज़ी से निपटाएँ ताकि विपरीत मौसम के चलते नुकसान से बचा जा सकेगा। खेतों में काटकर रखी गई फसल का गट्ठर बना लें ताकि तेज़ हवाओं के चलते फसल के उड़ने का डर ना रहे। इसके अलावा खुले में रखे अनाज को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएँ।

Image credit: Flickr

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES