[Hindi] वैष्णो देवी में नवरात्रि का शुभारंभ शुष्क और सुहावने मौसम के बीच

September 21, 2017 10:40 AM | Skymet Weather Team

प्रसिद्ध शक्तिपीठ वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार नवरात्रि के आरंभ से ही लगनी शुरू हो जाती है। पहाड़ों पर स्थित मंदिर पहुँचने वालों के लिए मौसम को अनदेखा करना उचित नहीं होता क्योंकि कई बार विपरीत मौसम ना सिर्फ कटरा से मंदिर पहुँचने में बाधा बनाता है बल्कि दूर दराज से जम्मू पहुँचने वाले तीर्थयात्रियों के लिए भी मुश्किलें पैदा कर देता है। अगर आप भी वैष्णो देवी के दर्शन की तैयारी कर रहे हैं तो आपको बता दें कि नवरात्रि का आरंभ अनुकूल मौसम के साथ होगा।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस समय जम्मू कश्मीर के पास कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं है। इसके अलावा कोई अन्य सिस्टम भी कटरा सहित जम्मू कश्मीर को अगले कुछ दिनों तक प्रभावित नहीं करने वाला है। बृहस्पतिवार नवरात्रि का पहला दिन है और इस दिन मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क रहेगा। सुबह और रात में सुहावनी होंगी। लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर होगा जिसके चलते दिन में गर्मी परेशान करेगी।

[yuzo_related]

कटरा में कल अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा। धूप खिली रहेगी। यही हाल शुक्रवार को भी होगा। शुक्रवार को दिन में 32 और रात में 20 डिग्री पारा रहने का अनुमान है। मौसम भी साफ़ और शुष्क बना रहेगा। हालांकि 23 सितंबर को बादलों का प्रभाव बढ़ सकता है। जबकि 24 सितंबर को घने बादल छाने और हल्की वर्षा होने की संभावना है। उसके पश्चात बाकी दिनों में विशेष मौसमी हलचल संभावित नहीं है। कटरा में गरज व वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

कह सकते हैं कि नवरात्रों के मध्य में 24 सितंबर के अलावा शेष दिनों में भक्तों के लिए मौसम कुल मिलकर अनुकूल होगा। वर्तमान मौसमी परिदृश्यों के आंकलन के आधार पर स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि जम्मू कश्मीर में भारी बरसात नहीं होगी जिससे भूस्खलन जैसी घटनाओं की आशंका भी नहीं है। जिससे दूर-दराज से आने वालों को किसी व्यवधान का सामना नहीं करना पड़ेगा और भक्त बिना किसी मौसमी बाधा के माता वैष्णो देवी के दर्शन इस नवरात्र में कर सकते हैं।

Image credit: MakeMyTrip

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES