अगस्त में दिल्ली पर मेहरबान बादल, बारिश का सालाना औसत पार, वीकेंड पर होगी जोरदार बरसात
दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग और पालम वेधशालाओं में केवल 1 मिमी वर्षा हुई, जबकि रिज, पुसा और नजफगढ़ में 8 से 10 मिमी बारिश दर्ज हुई। नोएडा, गाज़ियाबाद और फरीदाबाद में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
आधे महीने में औसत के बराबर बरसात
अगस्त दिल्ली के लिए सबसे अधिक बरसात वाला महीना होता है। सामान्यत औसतन 226.8 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस साल 1 से 18 अगस्त के बीच ही 259.7 मिमी वर्षा हो चुकी है। यह पिछले 12 साल में दूसरी सबसे अधिक है। 2013 में सफदरजंग पर 321.4 मिमी और 2024 में 390.9 मिमी बारिश दर्ज हुई थी। अभी आधा महीना बाकी है, ऐसे में यह रिकॉर्ड टूटने की संभावना है।
Advertisement
Advertisement
आगे के दिनों में दिल्ली का मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 22 अगस्त तक मानसूनी ट्रफ दिल्ली से दक्षिण में बनी रहेगी, जिससे बारिश हल्की और छिटपुट रहेगी। लेकिन 23-24 अगस्त को बंगाल की खाड़ी से बना सिस्टम राजस्थान होते हुए उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा और मानसूनी ट्रफ दिल्ली के करीब आ जाएगी। उस समय राजधानी और आसपास के इलाकों में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। इस हफ्ते दिन का तापमान 35°C और रात का न्यूनतम 25°C के आसपास बना रहेगा।







