Delhi Rains: तेज बारिश से दिल्ली बेहाल, सप्ताहांत में फिर बरस सकते हैं आफत के बादल

By: skymet team | Edited By: skymet team
May 2, 2025, 12:30 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली में भारी बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव, फोटो: PTI

आज सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में जबरदस्त आँधी-तूफान और तेज बारिश हुई। तेज हवाओं के साथ डरावनी गर्जना और भारी बारिश के कारण सड़क और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। जिस कारण कई फ्लाइट्स में देरी हुई या उन्हें डायवर्ट करना पड़ा। लगातार बारिश के चलते द्वारका अंडरपास जैसे कई इलाकों में जलभराव हो गया। 80 किमी/घंटा से अधिक की रफ्तार वाली हवाओं ने पेड़ उखाड़ दिए और बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। कुछ इलाकों से लोगों की मौत होने की भी अपुष्ट खबरें हैं। स्काइमेट ने पहले ही दिल्ली में खराब मौसम के बारे में अपनी वेबसाइट पर चेतावनी जारी कर दी थी। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के मौसम में सुधार हुआ है और आज दिनभर मौसम सामान्य बना रहेगा। लेकिन अगले 24 घंटे के दौरान फिर से आँधी-बारिश आ सकती है।

दिल्ली-NCR के अधिकांश हिस्सों में मूसलाधार बारिश

दिल्ली-NCR के नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद समेत कई हिस्सों में तेज हवाओं और जोरदार गरज के साथ भारी बारिश हुई। सफदरजंग वेधशाला में आज सुबह कुछ ही घंटों में 77 मिमी बारिश दर्ज की गई। लोधी रोड, प्रगति मैदान, राजघाट और पीतमपुरा में भी 70 से 80 मिमी तक बारिश हुई। पालम वेधशाला ने 46 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

सफदरजंग में दूसरी सबसे अधिक 24 घंटे की बारिश

दिल्ली की मुख्य वेधशाला सफदरजंग में आज सुबह 8:30 बजे तक 77 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो मई महीने की 24 घंटे की दूसरी सबसे ज्यादा बारिश है। 20 मई 2021 में 119.3 मिमी की सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई थी। आमतौर पर भारी बारिश मई के दूसरे हिस्से में होती है, लेकिन आज की बारिश अपवाद है। मई महीने में औसतन सिर्फ 29.4 मिमी बारिश होती है, जो आज कुछ ही घंटों में पार हो गई है। मई 2008 में सबसे ज्यादा 165 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इस बार मई 2025 में यह रिकॉर्ड टूट सकता है क्योंकि अगले कुछ दिन और तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसमी सिस्टम और आगे की संभावना

उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ पहुंच चुका है। इसके प्रभाव से उत्तर राजस्थान और पंजाब सीमा पर एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इसके अलावा दिल्ली के पास एक ईस्ट-वेस्ट ट्रफ भी बना है, जो कुछ दिनों तक सक्रिय रहेगा। इस दौरान दिल्ली में 7 मई तक गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाएं और बारिश की घटनाएं होती रहेंगी। हर बार बारिश 2 से 4 घंटे तक होगी और फिर मौसम शांत हो जाएगा। ज्यादातर बारिश रात, देर शाम या सुबह के समय हो सकती है। दिल्लीवासियों को इस दौरान सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है।

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें

आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में मौसम खतरनाक रूप ले सकता है। लोगों को चाहिए कि वे मौसम पूर्वानुमानों पर ध्यान दें। घर से निकलने से पहले सतर्क रहें और बिजली या तूफान के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें।

author image

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है