Monsoon 2025: ब्रेक-मानसून जल्द होगा खत्म, लौटेगी बारिश की रफ्तार, देशभर में फिर सक्रिय होगा मानसून
फिलहाल देश में "ब्रेक-मानसून" जैसी स्थिति बनी हुई है। बारिश कई हिस्सों में थम सी गई है, खासकर गुजरात, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कुछ भागों और महाराष्ट्र में। वहीं, पहाड़ों और उत्तर प्रदेश-बिहार की तलहटी में मौसम सक्रिय रहा है। इस दौरान आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तट के पास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना, जिसकी वजह से दक्षिण भारत (तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना) में अच्छी बारिश हुई है।
ब्रेक-मानसून का सैटेलाइट नजारा
सैटेलाइट तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि बादल ज्यादातर उत्तर भारत के पहाड़ों और उनकी तलहटी में हैं। दक्षिण प्रायद्वीप में बारिश इसलिए हो रही है क्योंकि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में ‘कोटेश्वरम लो’ बना है और प्रायद्वीपीय आंतरिक हिस्सों में उत्तर-दक्षिण ट्रफ सक्रिय है। जब उत्तर या उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनता है, तो यह स्थिति उलट जाती है।
यह भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी में बनेगा लो प्रेशर, लौटेगा मानसून का जोर, देशभर में फिर तेज होगी मानसून बारिश
अगस्त में बारिश की कमी
ब्रेक-मानसून की वजह से अगस्त के पहले 10 दिनों में सामान्य से कम बारिश हुई। 1 से 10 अगस्त 2025 तक सिर्फ 64.7 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य 89.8 मिमी होनी चाहिए थी। यानी लगभग 30% की कमी। सीजनल बारिश भी पहले के 15% अधिशेष से घटकर लगभग सामान्य स्तर पर आ गई है। इस हफ्ते मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: एक्टिव हुआ मानसून, अब पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घटेगी बारिश की कमी, खेतों में लौटेगी हरियाली
13 अगस्त को नया सिस्टम और बारिश का दौर
13 अगस्त को उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे पहले, 12 अगस्त को उसी जगह एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनेगा, जो 24 घंटे में कम दबाव में बदल जाएगा। यह सिस्टम समुद्र पर 48-72 घंटे तक मजबूत होगा। इस दौरान ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के आसपास बारिश शुरू हो जाएगी।
सिस्टम का आगे का रास्ता
कम दबाव का क्षेत्र इस दौरान डिप्रेशन में भी बदल सकता है और 16 अगस्त के आसपास तट पार कर सकता है। इसके बाद यह मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, दक्षिण राजस्थान और कोंकण-गोवा के ज्यादातर हिस्सों में जाएगा। 12 से 20 अगस्त के बीच देश के कई इलाकों में जोरदार मानसूनी बारिश देखने को मिलेगी।





