दिल्ली में गर्मी पर लगेगा ब्रेक, इस दिन से गरज के साथ होगी बारिश, तापमान रहेगा सामान्य से नीचे

By: skymet team | Edited By: skymet team
May 27, 2025, 1:30 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली में बीते वीकेंड(शनिवार और रविवार) को हुई बारिश के बाद मौसम काफी हद तक शांत बना हुआ है। एनसीआर के अधिकांश मौसम केंद्रों पर 26 मई को दिन का तापमान सामान्य से 5°–7°C तक कम दर्ज किया गया। वहीं, सफदरजंग बेस स्टेशन पर अधिकतम तापमान 35.1°C रहा, जो सामान्य से 5°C कम है। वहीं, हवा की दिशा में भी बदलाव (अब पूर्वी हवाएं चल रही हैं) के कारण नमी का स्तर भी बढ़ गया है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर का तापमान आज बढ़ सकता है, लेकिन इसके 40°C तक पहुंचने की संभावना नहीं है।

राजस्थान और हरियाणा में चक्रवाती परिसंचरण का असर

उत्तर राजस्थान और उसके पासवर्ती हरियाणा-पंजाब क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके कारण दिल्ली के आसपास एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ (घाटा रेखा) बनी हुई है। यह स्थिति अगले 3–4 दिनों तक बनी रह सकती है। इसके बाद यह ट्रफ उत्तर की ओर खिसक सकती है, जिससे पश्चिमी हवाओं की वापसी संभावित है। दिल्ली के आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय मौसम की वजह से इस सप्ताह तापमान अचानक बढ़ने की संभावना नहीं है।

मई का अब तक का अधिकतम तापमान और तुलना

दिल्ली में इस महीने अब तक का सबसे अधिक तापमान 42.3°C रहा है, जो 16 मई 2025 को रिकॉर्ड किया गया था। मई के बाकी बचे दिनों में तापमान इससे ऊपर जाने की संभावना नहीं है। अगर ऐसा होता है, तो 2009 के बाद से यह मई महीने का दूसरा सबसे कम अधिकतम तापमान होगा। वहीं, मई में इससे कम तापमान 41.6°C साल 2021 में दर्ज किया गया था।

प्री-मानसून गतिविधियाँ होंगी तेज

मौसमीय परिस्थितियाँ दिल्ली और इसके उपनगरों में प्री-मानसून गतिविधियों के बढ़ने का संकेत दे रही हैं। हालांकि, तापमान जो कि किसी भी तूफानी गतिविधि के लिए एक अहम ट्रिगर होता है-आज पर्याप्त नहीं है। ट्रफ रेखा दिल्ली के नजदीक होने के बावजूद आज 27 मई को गरज-चमक या धूल भरी आँधी आने की संभावना बहुत कम है। लेकिन कल 28 मई से दिल्ली का मौसम बदलने के आसार हैं। आँधी-तूफान और बारिश तेज हो सकती है। जिसके 29 व 30 मई को ज्यादा तेज और मजबूत होने की संभावना है। इसके बाद प्री-मानसून गतिविधियों में 4–5 दिनों का ब्रेक आने की आशंका है।

author image

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है