Weather Update: बेंगलुरु में मई की शुरुआत प्री-मानसून बारिश के साथ, सप्ताह भर बरसेंगे बादल और चलेंगी तेज हवाएँ
बेंगलुरु में अगले एक हफ्ते तक लगातार गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मई यहां का सबसे ज्यादा बारिश वाला प्री-मानसूनी महीना होता है, जिसमें औसतन 128.7 मिमी वर्षा होती है। आमतौर पर इस महीने के दूसरे हिस्से में ज्यादा तूफानी गतिविधियाँ होती हैं, क्योंकि जून के पहले हफ्ते में मानसून आने की संभावना रहती है।
इस साल अप्रैल रहा सामान्य, पिछले साल पड़ी थी भीषण गर्मी
इस बार अप्रैल महीने में ज्यादा गर्मी नहीं पड़ी। 23 और 24 अप्रैल को अधिकतम तापमान 35.4°C रहा, जो इस सीजन का सबसे ज्यादा था। पिछले साल 28 अप्रैल को तापमान 38.5°C तक पहुंच गया था, जो बेंगलुरु के इतिहास का दूसरा सबसे गर्म दिन था। अप्रैल 2016 में अब तक का सबसे अधिक तापमान 39.2°C दर्ज किया गया था।
Advertisement
Advertisement
इस बार मई में नहीं पड़ेगी ज्यादा गर्मी
पिछले साल मई की शुरुआत भी काफी गर्म रही थी। 2 मई 2024 को तापमान 38.1°C तक पहुंच गया था, जो 40 वर्षों का सबसे गर्म दिन था। इस बार ऐसा गर्म मौसम नहीं रहने की उम्मीद है। मई के पहले हिस्से में तापमान कुछ दिनों में 35°C तक जा सकता है, लेकिन लगातार प्री-मानसूनी बारिश के कारण मौसम सामान्य से बेहतर रहेगा।
मौसमी ट्रफ और चक्रवातीय प्रभाव से बनेगी बरसात की स्थिति
बेंगलुरु के मौसम पर इस समय प्रायद्वीपीय भारत(दक्षिण भारत) के मौसमी ट्रफ का असर है। यह ट्रफ उत्तर-दक्षिण दिशा में चलता है और मध्य भारत से केरल तक फैला हुआ है। इस ट्रफ पर छोटे-छोटे चक्रवातीय क्षेत्र बनते रहते हैं। ऐसा ही एक चक्रवात उत्तर आंतरिक कर्नाटक के ऊपर बनने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी और स्थानीय गर्मी मिलकर गरज-चमक और बारिश को बढ़ावा देंगे।
शहर की भौगोलिक स्थिति देती है बारिश को बढ़ावा
बेंगलुरु एक पठारी इलाका है जो समुद्र तल से लगभग 3000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां की भौगोलिक स्थिति ऊँचे बादलों और अच्छी बारिश बनने में मदद करती है। इन सभी मौसमी कारकों के प्रभाव से बेंगलुरु में एक हफ्ते या उससे भी अधिक समय तक बारिश और गरज-चमक बनी रह सकती है।
तेज बारिश से यातायात पर असर
ज्यादातर मौसम गतिविधियाँ(बारिश, आँधी, बिजली चमक-गरज आदि) शाम और रात के समय होंगी। प्री-मानसूनी बारिश कभी-कभी इतनी तेज हो सकती है कि जलभराव की स्थिति बन जाए और आवाजाही पर असर पड़े। 1, 3 और 6 मई को बारिश की तीव्रता और क्षेत्रीय प्रभाव ज्यादा हो सकता है। इस दौरान दिन का तापमान लगभग 32°C और रात का न्यूनतम तापमान 21°C के आस-पास रहेगा। सुबह और रातें ठंडी और सुहावनी महसूस होंगी।















