दिल्ली में सप्ताहांत रहेगा उमस भरा, मानसून की बौछारें अगले हफ्ते दस्तक देंगी
दिल्ली-एनसीआर में पिछले पाँच दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। बादलों की गैरमौजूदगी में तापमान एक बार फिर 35°C के पार चला गया। सफदरजंग पर यह लगातार दूसरे दिन 35°C से ऊपर दर्ज हुआ। आज सतह और निचली सतह की हवाएँ तेज हैं, इसलिए अधिकतम तापमान 35°C से थोड़ा नीचे रह सकता है। सप्ताह भर यही हालात बने रहने के आसार हैं। उमस भरा मौसम जारी रहेगा और आने वाला वीकेंड भी इससे अलग नहीं होगा। रविवार, 14 सितम्बर तक बारिश की संभावना नहीं है।
सितम्बर का सामान्य मौसम पैटर्न
सितम्बर का महीना दिल्ली में स्थिर मौसम के लिए जाना जाता है। इस दौरान दिन का तापमान प्रायः 34°C के आसपास रहता है और अक्टूबर में धीरे-धीरे 30°C तक गिर जाता है। सुबह का तापमान भी महीने की शुरुआत में 25°C से घटकर महीने के अंत तक 23°C तक पहुँच जाता है। हालांकि, कई बार सितम्बर में तापमान 40°C के पार भी चला जाता है। 5 सितम्बर 2023 को अधिकतम तापमान 40.1°C रहा था, जबकि अब तक का सबसे अधिक 40.6°C तापमान 16 सितम्बर 1938 को दर्ज हुआ था।
Advertisement
Advertisement
सितम्बर 2025 में बारिश का रिकॉर्ड
1 से 10 सितम्बर 2025 के बीच दिल्ली में 85 मिमी बारिश दर्ज हुई है। महीने की शुरुआत के पहले तीन दिनों में बारिश हुई और उसके बाद मौसम शुष्क हो गया। इस सप्ताह बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन अगले सप्ताह राहत देने वाली मॉनसून की फुहारें लौट सकती हैं। सितम्बर में मॉनसून विदाई की तारीखों में उतार-चढ़ाव रहता है, इसलिए बारिश की मात्रा भी काफी बदलती रहती है। कई बार महीना लगभग सूखा बीतता है, जैसे 2015 और 2020 में, जबकि कुछ सालों में दिल्ली बारिश से तर-बतर हो गई थी, जैसे 2010 और 2021 में।
पिछले वर्षों में सितम्बर की बारिश (सफदरजंग)

मानसून ट्रफ और आगामी सिस्टम
दिल्ली में बारिश का मुख्य कारण मॉनसून ट्रफ होता है। इस समय ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से काफी दक्षिण में है, इसलिए दिल्ली में बारिश के अनुकूल हालात नहीं बन रहे हैं। फिलहाल तटीय ओडिशा और आंध्र प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो अगले 48 घंटों में निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है। यह सिस्टम धीरे-धीरे मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान की ओर बढ़ेगा। इसके असर से मॉनसून ट्रफ दिल्ली के करीब आ सकता है। यदि इसी दौरान पश्चिमी विक्षोभ का भी प्रभाव रहा तो अगले सप्ताह के मध्य में दिल्ली में राहत की बारिश होने की संभावना है।
















