[Hindi] 22-07-2015 के लिए राष्ट्रीय मौसम वीडियो रिपोर्ट

July 21, 2015 6:50 PM | Skymet Weather Team

मुंबई में लंबे समय से चल रहा शुष्क मौसम का दौर अब खत्म हुआ। मंगलवार को हुई भारी मॉनसूनी बारिश से उमस और गर्मी से राहत मिली। आइए देखते हैं देश भर का मौसम कैसार रहेगा।

पश्चिमी तटों पर बनी ट्रफ रेखा अब सशक्त हो गई है। बुधवार को इस ट्रफ रेखा वाले भागों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। सबसे भारी बौछारें मुंबई और केरल में गिर सकती हैं।

पश्चिमी मध्य प्रदेश और इससे सटे राजस्थान पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब कमज़ोर होकर चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के रूप में तब्दील हो गया है। जिससे मध्य भारत में बारिश घट जाएगी। लेकिन यह अभी भी मध्य प्रदेश के भागों और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान तथा गुजरात के कुछ भागों में मध्यम बारिश दे सकता है।

मॉनसून की अक्षीय रेखा और दक्षिणवर्ती हुई है। यह इस समय उत्तरी राजस्थान से निकलकर मध्य प्रदेश, झारखण्ड और पश्चिम बंगाल होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में हल्की बारिश दर्ज किए जाने का अनुमान है।

इधर बंगाल की खाड़ी के उत्तर में बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के चलते, पश्चिम बंगाल, झारखण्ड और ओड़ीशा में कई जगहों पर बारिश हो सकती है। हालांकि इस सिस्टम से पूर्वोत्तर राज्यों में नम हवाओं का प्रवाह कम हो जाएगा और यहां बारिश हल्की से मध्यम होगी।

अंत में बात उत्तर भारत की। यहाँ एक पश्चिमी विक्षोभ मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते बुधवार को जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

 

 

OTHER LATEST STORIES